औरंगाबाद के अंबा प्रखंड के अंबा पंचायत अंतर्गत मुडिला गांव के मिडिल स्कूल में शनिवार को विशेष सर्वेक्षण को लेकर आम सभा का आयोजन किया गया. सभा की अध्यक्षता व संचालन कंचन सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि भूमि सर्वेक्षण सरकारी प्रक्रिया है, जिसे नियत समय पर पूरा किया जाना जरूरी है.
14 सितंबर से किस्तवार कार्य
कंचन सिंह ने बताया कि अगले सप्ताह 14 सितंबर सोमवार से राजस्व ग्राम मुडिला, थाना संख्या-468 में किस्तवार यानी दखल-कब्जा का कार्य प्रारंभ किया जाएगा. इस कार्य के तहत सर्वे टीम प्रत्येक खेत और प्लॉट पर जाकर मौके पर कब्जा का सत्यापन करेगी और नया नक्शा तैयार करेगी.
कागजात व मौजूदगी अनिवार्य
विशेष सर्वे अमीन कोमल कुमारी ने रैयतों को बताया कि किस्तवार के दौरान सभी रैयतों को अपने-अपने प्लॉट पर उपस्थित रहना अनिवार्य है.
किसान खतियान, केवाला, जमाबंदी रसीद, आधार कार्ड एवं वंशावली से संबंधित कागजात की छायाप्रति अवश्य रखें. अनुपस्थित रहने पर अमीन द्वारा मौके पर दर्ज स्थिति ही मान्य होगी.
फसल लगी होने से परेशानी
कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र के किसानों—नवीन सिंह, रवींद्र पांडेय, अरविंद सिंह व शिवनाथ पांडेय ने बताया कि बधार में धान की फसल लगी रहने के कारण खेतों की मापी व किस्तवार में परेशानी हो रही है. किसानों ने फसल कटने के बाद किस्तवार कराने की मांग की है. वहीं किसान ऑनलाइन खाता-प्लॉट व रकबा सुधार के लिए भी अंचल के चक्कर काट रहे हैं.
कानूनविद की सलाह
पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अनिरुद्ध प्रसाद वर्मा ने बताया कि भूमि सर्वेक्षण से पहले खाता-प्लॉट की गड़बड़ी और नाम स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरा हो जाने से रैयतों को आपसी बंटवारा करने में कठिनाई उत्पन्न नहीं होगी. मौके पर राजस्व कर्मी संजीव सिंह, जीतेन्द्र सिंह, अमित सिंह, बबलू सिंह, सुनील तिवारी सहित कई भू-स्वामी मौजूद थे.
