औरंगाबाद से अम्बुज पांडेय की रिपोर्ट
Muharram 2026: औरंगाबाद से अम्बुज पांडेय की रिपोर्ट के अनुसार, कुटुंबा प्रखंड के सांडी गांव में पिछले 11 वर्षों से चला आ रहा मोहर्रम जुलूस मार्ग विवाद गुरुवार को प्रशासन की पहल और दोनों समुदायों की आपसी सहमति से समाप्त हो गया. लंबे समय से इस विवाद के कारण मोहर्रम के दौरान क्षेत्र का माहौल काफी संवेदनशील बना रहता था और प्रशासन को विशेष चौकसी रखनी पड़ती थी. इस बार जिला प्रशासन ने स्थायी समाधान के लिए प्राथमिक विद्यालय सांडी परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की विशेष बैठक की, जो कई घंटे तक चली.
पारंपरिक और वैकल्पिक मार्ग पर हुई लंबी चर्चा
इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया तथा अपनी-अपनी बातें रखीं. बैठक के दौरान एक पक्ष ने वर्षों से प्रचलित पारंपरिक मार्ग से ही मोहर्रम जुलूस निकालने की मांग पुरजोर तरीके से रखी, जबकि दूसरे पक्ष ने क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उस मार्ग को संवेदनशील बताते हुए एक वैकल्पिक रास्ते का सुझाव दिया. प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों की दलीलों को बेहद गंभीरता से सुना और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए समाधान का प्रयास किया.
मटपा नहर से कर्बला तक का रूट हुआ तय
लंबी चर्चा और गहन विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्ष आखिरकार नए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने पर पूरी तरह सहमत हो गए. तय किए गए नए रूट के अनुसार, अब मोहर्रम का जुलूस सांडी मस्जिद से शांतिपूर्ण ढंग से निकलकर मटपा नहर मार्ग होते हुए संडा-कुटुंबा मुख्य सड़क तक पहुंचेगा. वहां से आगे बढ़ते हुए रेराही आहर के किनारे बनी पीसीसी सड़क से होकर कचरा प्रबंधन इकाई के रास्ते नदी में उतरेगा और फिर वहां से सीधे कर्बला तक जाएगा. इस नए रूट के निर्धारण से दोनों पक्षों की चिंताएं दूर हो गई हैं.
एसडीओ ने दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को गले मिलवाया
सहमति बनने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह ने दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को गले मिलवाकर इस वर्षों पुराने विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की आधिकारिक घोषणा की. उन्होंने कहा कि आपसी संवाद और सहयोग से हर बड़े विवाद का समाधान संभव है. मौके पर एसडीपीओ सुशील कुमार, डीएसपी ज्योति कुमारी, बीडीओ प्रियांशु बसु, अंचलाधिकारी चंद्र प्रकाश, इंस्पेक्टर अजय कुमार, कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम, अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज, रिसियप थानाध्यक्ष संजीत राम सहित कुमुद रंजन मिश्रा, मोहम्मद नईम, मुखिया सरुन पासवान व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
Also Read: दाउदनगर में मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग
