औरंगाबाद सांसद ने उठाईं रेल विकास की कई बड़ी मांगें, नई रेल लाइनों से लेकर ट्रेनों के ठहराव तक का रखा प्रस्ताव

Aurangabad News : काराकाट के सांसद राजाराम सिंह ने मंडल संसदीय समिति की बैठक में रेल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए. उन्होंने नई रेल लाइनों, यात्री सुविधाओं में सुधार और डेहरी में रेल कारखाना स्थापित करने का प्रस्ताव रखा.

Aurangabad News : पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल, पूर्व मध्य रेलवे की मंडल संसदीय समिति की बैठक मुगलसराय स्थित डीआरएम कार्यालय में आयोजित हुई. बैठक में काराकाट के सांसद राजाराम सिंह ने रेल विकास, नई रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए. बैठक में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सत्यपाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीणा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

नई रेल लाइनों और रेल कारखाने की उठाई मांग

सांसद के निजी सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि बैठक के दौरान सांसद राजाराम सिंह ने औरंगाबाद-बिहटा रेललाइन, डेहरी-बंजारी नई रेललाइन तथा डेहरी-नासरीगंज-बिक्रमगंज-डुमरांव होते हुए बलिया तक नई रेल लाइन के निर्माण की मांग की. इसके अलावा उन्होंने डेहरी में रेल कारखाना स्थापित करने का प्रस्ताव भी रेलवे के समक्ष रखा.

यात्री सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

सांसद ने दाउदनगर नगर परिषद के पुरानी शहर क्षेत्र में रेलवे आरक्षण काउंटर खोलने, सोननगर (बारुण) में डबल लेन अंडरपास बनाने, मौजूदा अंडरपास का विस्तार करने तथा बारुण-दाउदनगर रोड से सोननगर रेलवे स्टेशन तक ओवरब्रिज निर्माण की मांग की. उन्होंने सोननगर रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों के ठहराव को फिर से शुरू करने के साथ पेयजल, एस्केलेटर और अन्य बुनियादी यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया.

कई रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव

बैठक में सांसद ने अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन के पश्चिम स्थित चिचमी-दुधैला रेलवे क्रॉसिंग, औरंगाबाद-पचरुखिया रोड के फेशर रेलवे क्रॉसिंग तथा अंकोरहा स्टेशन के समीप गेट संख्या-15 पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी. उन्होंने डेहरी स्थित पाली पुल के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए इसे शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता बताई.

डेहरी ऑन सोन स्टेशन के आधुनिकीकरण की मांग

सांसद राजाराम सिंह ने डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के व्यापक आधुनिकीकरण का प्रस्ताव भी रखा. साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टेशन परिसर में झारखंडी महादेव मंदिर, तुतला भवानी धाम, रोहतासगढ़ किला और इंद्रपुरी डैम सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के चित्र प्रदर्शित करने का सुझाव दिया.

इन स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की भी मांग

सांसद ने डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, अंकोरहा तथा चनका घोसिया कला रेलवे स्टेशनों पर कई प्रमुख एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की भी मांग की. उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी और आवागमन अधिक सुगम होगा.

Also Read : नवादा दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, फरार ससुर गिरफ्तार, अब पूरा आरोपी परिवार पहुंचा जेल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om Prakash

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >