कुटुंबा में रिश्वत और दलाली पर विधायक का एक्शन, बोले- आवास योजनयों में गड़बड़ी-शिकायत मिली तो दोषियों पर होगी कार्रवाई

कुटुंबा के विधायक ललन राम ने रिश्वतखोरी और दलाली के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी सरकारी काम के बदले पैसे मांगने या योजनाओं के लाभुकों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं में अनियमितता पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

Kutumba MLA Lalan Ram : औरंगाबाद के कुटुंबा में शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक प्रखंड परिसर स्थित सभागार भवन में स्थानीय विधायक ललन राम के नेतृत्व में हुई. विधायक ने बैठक में कहा कि किसी काम के बदले रिश्वत मांगे जाने या सरकारी योजना के लाभुक को परेशान किए जाने की शिकायत मिलने पर दोषी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में किसी भी तरह की दलाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

विधायक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और काम में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.

बीडीओ समेत अन्य पदाधिकारी हुए शामिल

बैठक में बीडीओ प्रियांशु बसु, सीओ चंद्रप्रकाश, एमओ अविनाश प्रकाश, बीपीआरओ दिव्य शक्ति, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नवल किशोर सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

रिश्वत मांगे या परेशान करे तो दें जानकारी

विधायक ललन राम ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति से किसी काम के एवज में रिश्वत मांगी जाती है या किसी लाभुक को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाए. उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी.

प्रखंड सभागार भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते विधायक

उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह क्षेत्र में मौजूद नहीं हैं, तो उनकी अनुपस्थिति में विधायक प्रतिनिधि सौरभ पाठक को भी लोगों की समस्याओं की जानकारी दी जा सकती है. विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है.

आवास योजना में गड़बड़ी पर कार्रवाई की चेतावनी

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान विधायक ने कहा कि योजना में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. समाज के किसी भी वर्ग का व्यक्ति यदि योजना के लिए योग्य है, तो उसे इसका लाभ मिलना चाहिए.

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं चलेगी. सभी योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार धरातल पर उतारना होगा. विधायक ने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले और कार्य के दौरान योजना के नाम और राशि से संबंधित बोर्ड लगाने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा.

सरकारी अस्पताल में ही कराएं मरीजों की जांच

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध जांच सुविधाओं का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में 55 प्रकार की जांच के लिए किट उपलब्ध हैं, इसके बावजूद मरीजों को निजी क्लीनिक में भेजना उचित नहीं है.

विधायक ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य कर्मियों को चिह्नित किया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा. उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को उपलब्ध कराने पर जोर दिया.

कई विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान जन वितरण प्रणाली, पंचायती राज, कृषि समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की गयी. विधायक ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >