Aurangabad News: जिले के कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय महाराजगंज में मंगलवार को एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में कुटुंबा के स्थानीय विधायक ललन राम ने विद्यालय परिसर के नए मुख्य प्रवेश द्वार का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अभय कुमार राय सहित विद्यालय परिवार ने विधायक का स्वागत सह सम्मान किया.
विद्या का मंदिर है विद्यालय, लक्ष्य बनाकर करें पढ़ाई: विधायक ललन राम
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ललन राम ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का एक पवित्र मंदिर है, जहां पूर्ण निष्ठा और लगन के साथ अध्ययन करने से विद्यार्थी जीवन में किसी भी उच्च मुकाम को हासिल कर सकते हैं. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर नियमित पढ़ाई करें. विधायक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर स्कूल में बेहतर आधारभूत संसाधन, स्मार्ट कक्षाएं और कुशल शिक्षक उपलब्ध कराए गए हैं. यदि विद्यालय में किसी प्रकार की सुविधा या संसाधन की कमी हो तो उन्हें तुरंत अवगत कराएं, उसका त्वरित समाधान कराया जाएगा.
नीट (NEET) में चयनित पूर्व छात्र रौशन कुमार सम्मानित
प्रधानाध्यापक अभय कुमार राय ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासनिक व्यवस्था की जानकारी दी. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रतिभावान पूर्व छात्र रौशन कुमार को मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया. प्रधानाध्यापक ने कहा कि रौशन ने अपनी कड़ी मेहनत से सफलता हासिल कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी रौशन की सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया.
कई शिक्षक और प्रबुद्ध लोग रहे उपस्थित
इस गरिमामयी कार्यक्रम में शिक्षक मनोज कुमार पांडेय, हर्ष अंशुमान, रामकृपाल सिंह, अनुपमा कुमारी, नीरज सिंह, हिमांशु कुमार पाठक, वंदना सिंह, निशा रजक, मोहम्मद फहीम आलम, शशिकांत यादव, रामकुमार यादव, मंजूर आलम, रूपांजलि कुमारी, लिपिक धीरेंद्र सिंह और सुमित्रा देवी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
