अगलगी में तीन दुकानों में लाखों के सामान जले

सीसीटीवी कैमरा लगाने व जल्द उद्भेदन करने की मांग

सीसीटीवी कैमरा लगाने व जल्द उद्भेदन करने की मांग

दाउदनगर. शहर के बाजार चौक में बुधवार की रात भीषण अगलगी की घटना में दो दुकानों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गयी. वहीं एक ब्यूटी पार्लर को भी नुकसान पहुंचा है. दुकानदारों ने अज्ञात असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाया है. घटना को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने रोष जताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. रात करीब 12:30 बजे के आसपास वाराणसी से आ रहे एक चालक ने आग की लपटें देख हल्ला किया, जिसके बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गये. दुकानदारों को घटना की जानकारी रात लगभग 12:50 बजे हुई. इस आग में केसरी गारमेंट्स और पंकज फुटवियर पूरी तरह जलकर राख हो गयी है. केसरी गारमेंट्स मौलाबाग निवासी राजेश कुमार की है, जबकि पंकज फुटवियर जूता दुकान मौलाबाग निवासी पंकज केसरी की है. ब्यूटी पार्लर का इनवर्टर और बैटरी जल गयी है. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दाउदनगर थाना और अग्निशमन विभाग को दी. मुख्य बाजार में आग की घटना से अफरा-तफरी मच गयी. दमकल की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया. केसरी गारमेंट्स के संचालक राजेश कुमार ने बताया कि उनका लगभग 20 लाख रुपये का रेडीमेड, सूती व ऊनी कपड़े, 45 हजार नकद और बैंक, मकान व जमीन के कागजात जल गये. पंकज फुटवियर के संचालक पंकज केसरी ने बताया कि उनका लगभग आठ लाख का जूता-चप्पल, 10 हजार नकद और बैंक, मकान, जमीन के कागजात जल गये. ब्यूटी पार्लर की संचालिका ललिता देवी ने बताया कि उनके पार्लर का इनवर्टर, बैटरी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया. दुकान संचालकों ने थाने में आवेदन देकर कहा है कि अज्ञात व्यक्तियों ने आग लगाई है. दुकानों का बिजली मीटर और सर्किट बाहर लगा हुआ था, सर्किट निकाला हुआ था और अंदर चेंजर गिरा हुआ था.

आग बुझाने के लिए मंगाये गये छह दमकल

आग की गंभीरता को देखते हुए आग बुझाने के लिए छह दमकल मंगाये गये. एक बड़ा दमकल औरंगाबाद से तथा एक-एक छोटा दमकल उपहारा, देवकुंड और गोह थाना से मंगाया गया. इसके बावजूद गुरुवार की सुबह तक धुंआ उठता रहा.

दो महीने में अगलगी की तीसरी घटना

स्थानीय व्यवसायियों ने करीब दो महीने के अंदर मुख्य बाजार के 200 मीटर के दायरे में दुकानों और गोदामों में अगलगी की घटनाओं पर रोष जताते हुए सड़क को जाम कर दिया और बाजार की दुकानें बंद करायी. उन्होंने कहा कि इसी इलाके में दिसंबर में गुप्तेश्वर प्रसाद और विजय केसरी के गोदामों में आग लगी थी. व्यवसायियों ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार में नगर परिषद द्वारा अभी तक सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया है. सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से दुकानदार एवं स्थानीय निवासी लंबे समय से सीसीटीवी लगाने की मांग कर रहे हैं. प्रशासनिक पदाधिकारियों और पब्लिक की पिछली बैठक में ईओ द्वारा जनवरी तक कैमरा लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक नहीं लग सका. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया और घटनास्थल की जांच की.

विधायक ने पीड़ितों से की मुलाकात

ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित व्यवसायियों से मिले. उन्होंने दुकानदारों की बातों को गंभीरता से सुना. नगर पर्षद के इओ से सीसीटीवी कैमरा के बारे में पूछने पर बताया गया कि फरवरी तक कैमरा लग जायेगा. थानाध्यक्ष को पुलिस गश्ती बढ़ाने के लिए कहा गया. पीड़ित व्यवसायियों को सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा देने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात भी की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >