Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के सोन नदी डीला में जलावन चुनने गए 55 वर्षीय अधेड़ की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोन नदी से लापता अधेड़ का शव बरामद कर लिया है. इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है.
जलावन लेने गए थे सोन नदी डीला
मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के मोहनगंज गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र राम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, महेंद्र राम 25 जुलाई की सुबह अपनी बेटी अनीता कुमारी को यह बताकर घर से निकले थे कि वे सोन नदी डीला में जलावन लाने जा रहे हैं. हालांकि, देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारी व आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
थाने में दी गई थी गुमशुदगी की सूचना
पति का कोई पता न चलने पर पत्नी सुमित्रा देवी ने बारुण थाने में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी दर्ज कराई और अनहोनी की आशंका जताई. मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इसी दौरान पुलिस को सोन नदी से महेंद्र राम का शव बरामद हुआ. बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पानी में डूबने से अधेड़ की मौत हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया.
इस घटना के बाद से मोहनगंज गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी और बेटी अनीता कुमारी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
