दाउदनगर प्रखंड के चौरी पंचायत स्थित वार्ड संख्या-15 के महादलित टोला में करीब 60 परिवार आज भी पक्की गली और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. ग्राम कचहरी के समीप बसे इस टोले में बरसात के दौरान जलजमाव और कीचड़ से लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है.
कई बार आवेदन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीण श्याम नारायण चौधरी ने बताया कि पंचायत के मुखिया, प्रखंड कार्यालय और सहयोग शिविर में कई बार लिखित आवेदन देकर गली और नाली निर्माण की मांग की गई. बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब ग्रामीणों ने पंचायती राज पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है.
जलजमाव से बढ़ रहा बीमारियों का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार नाली नहीं होने से घरों का गंदा पानी गलियों में जमा रहता है. बरसात में पूरा टोला कीचड़ से भर जाता है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है. छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है. कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं.
जनप्रतिनिधियों ने उठाई निर्माण की मांग
प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष दीपक पटेल ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने महादलित बस्ती में गली और नाली निर्माण जल्द कराने की मांग की.
जांच के बाद होगा आवश्यक निर्माण
पंचायती राज पदाधिकारी ऋषु राज ने बताया कि मामले की जांच के लिए स्थल निरीक्षण कराया जाएगा. यदि पूर्व में बनी गली क्षतिग्रस्त पाई जाती है तो उसकी स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके.
