Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सढ़ईल मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर गुरुवार की शाम करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से टोटो पर सवार तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत राहत व सहायता के लिए आगे आए.
मदनपुर जा रही थीं सभी महिलाएं
औरंगाबाद के मदनपुर थाना पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान मदनपुर निवासी संतोष कुमार की 21 वर्षीय पत्नी एवं स्थानीय शिक्षिका रितिका कुमारी, नीमा गांव निवासी बलिराम दास की 60 वर्षीय पत्नी शांति देवी तथा रामदास राम की 60 वर्षीय पत्नी तेतरी देवी के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ये तीनों महिलाएं एक टोटो पर सवार होकर मदनपुर की ओर जा रही थीं, तभी एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
सड़क दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी लहूलुहान घायलों को सड़क से उठाया और इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मदनपुर पहुंचाया. अस्पताल में आपातकालीन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को अटेंड किया और उनका त्वरित प्राथमिक उपचार शुरू किया.
शिक्षिका की हालत गंभीर, की गईं रेफर
चिकित्सकों के अनुसार, इस हादसे में घायल 21 वर्षीय शिक्षिका रितिका कुमारी की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत उच्चतर चिकित्सा केंद्र (हायर मेडिकल सेंटर) रेफर कर दिया गया है. वहीं, हादसे में घायल अन्य दोनों वृद्ध महिलाओं का इलाज फिलहाल मदनपुर अस्पताल में ही चल रहा है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है.
