औरंगाबाद में मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिले, धान की फसल को मिली संजीवनी

Aurangabad News : कुटुंबा में हुई मूसलाधार बारिश से धान की फसल को नई जान मिली है। किसानों को तनाछेदक कीट से राहत मिलने की उम्मीद है और रोपाई में तेजी आएगी।

Aurangabad News : जिले के दक्षिणी क्षेत्र सहित कुटुंबा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में गुरुवार की शाम मेघगर्जन और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई. लंबे समय बाद हुई जोरदार बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. सावन माह और मघा नक्षत्र के अंतिम चरण में हुई इस बारिश को अन्नदाताओं के लिए संजीवनी माना जा रहा है. खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने से धान की फसल को नई जान मिली है, वहीं झारखंड सीमा से सटे असिंचित क्षेत्रों में धान की रोपाई में भी तेजी आने की उम्मीद है.

बारिश से धान की फसल को मिली राहत

किसानों ने बताया कि अत्यधिक तापमान और खेतों का पानी गर्म होने के कारण धान की लहलहाती फसल पर तनाछेदक कीट का प्रकोप शुरू हो गया था. बारिश से फसल को नमी मिलने के साथ ही कीटों के अंडे धुलकर नष्ट होने की संभावना है, जिससे फसल को राहत मिल सकती है.

तेज बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया है. जिन किसानों की धान की रोपाई अभी बाकी है, उन्हें भी बारिश का लाभ मिलेगा.

असिंचित इलाकों में रोपाई तेज होने की उम्मीद

झारखंड बॉर्डर से सटे कुटुंबा के कई इलाकों में पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसान बारिश पर ही निर्भर रहते हैं. ऐसे क्षेत्रों में इस बारिश के बाद धान की रोपाई तेज होने की संभावना है.

गोवास बिगहा के सुवास सिंह, ललन पांडेय और विनय सिंह ने बताया कि इस बार बारिश के मौसम में पहली बार इतनी जोरदार वर्षा हुई है. उन्होंने कहा कि अगर आगे भी समय-समय पर अच्छी बारिश होती रही तो धान की फसल बेहतर होने की उम्मीद है.

अब तक सामान्य से कम हुई बारिश

एसएसओ ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 27 अगस्त की सुबह तक जिले में 249.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि अब तक कम-से-कम 311 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. ऐसे में जिले में अब भी सामान्य बारिश की तुलना में कमी बनी हुई है.

आज भी मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि क्षेत्र में मानसून सक्रिय है. शुक्रवार को भी मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट है. मौसम की स्थिति को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.

Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >