Aurangabad News: औरंगाबाद जिले अंतर्गत ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नए प्रखंड कार्यालय का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जदयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी में फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया. उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष अरविंद राम ने किया. इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि सहित आगत अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया.
ओबरा में कार्यालय खुलने से कार्यकर्ताओं को मिलेगी सहूलियत: जिलाध्यक्ष
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ओबरा में पार्टी कार्यालय खुलने से कार्यकर्ताओं को काफी सहूलियत होगी और आम लोगों की समस्याओं को दूर करने का एक मजबूत केंद्र मिलेगा. उन्होंने उपस्थित सभी पंचायत अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए धरातल पर सक्रियता से कार्य करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में जदयू राज्यभर में निरंतर मजबूत हो रही है. जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें. उन्होंने प्रखंड अध्यक्ष अरविंद राम के सांगठनिक कार्यों की सराहना की.
शराबबंदी से महिलाओं को मिला सबसे बड़ा लाभ
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बिहार में पूर्ण शराबबंदी का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं, तब तक राज्य में शराबबंदी कानून पूरी दृढ़ता से कायम रहेगा. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले से समाज में शांति आई है और विशेष रूप से महिलाओं के जीवन स्तर व सुरक्षा में अभूतपूर्व सुधार हुआ है.
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस उद्घाटन अवसर पर पूर्व जिप अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, राज्य परिषद सदस्य नागेंद्र सिंह, बारुण प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पटेल, प्रवीण शर्मा, सुशील पांडेय, मंटू कुमार, आत्मा अध्यक्ष अनिल सिंह, पुष्पा देवी, आर्यन कुमार, दिनेश कुमार सहित जदयू के सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
