औरंगाबाद के बारुण प्रखंड के सरस्वती विद्या निकेतन, मॉडल स्कूल, सुंदरगंज में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति एवं जिला शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इंटरमीडिएट त्रैमासिक परीक्षा का औचक निरीक्षण किया गया. परीक्षा नियंत्रक निरंजय कुमार एवं संयुक्त परीक्षा नियंत्रक शिवम कुमार ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी.
इस दौरान परीक्षा केंद्र की समग्र व्यवस्था, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, कक्षवार परीक्षा संचालन, अनुशासन और पूर्ण रूप से कदाचारमुक्त परीक्षा माहौल का बारीकी से जायजा लिया गया. अधिकारियों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा तय किए गए सभी दिशा-निर्देशों के सख्त अनुपालन की भी गहन समीक्षा की.
वीक्षकों और कर्मियों से ली गई परीक्षा संचालन की जानकारी
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं अन्य प्रशासनिक कर्मियों से परीक्षा संचालन की अद्यतन जानकारी ली और जरूरी अभिलेखों का भी अवलोकन किया. परीक्षा नियंत्रक व संयुक्त परीक्षा नियंत्रक ने विभिन्न परीक्षा कक्षों का प्रत्यक्ष भ्रमण कर परीक्षार्थियों से परीक्षा के स्तर और संचालन के संबंध में सीधी बातचीत की.
उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में परीक्षा देने तथा बोर्ड के निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही, वीक्षकों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा के दौरान सभी मानकों का सख्ती से पालन हो.
गोपनीयता और सुरक्षा को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर छात्रों के बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था, प्रश्नपत्रों व उत्तरपुस्तिकाओं के समय पर वितरण तथा परीक्षा समाप्ति के उपरांत कॉपियों के सुरक्षित संधारण की प्रक्रिया का भी जायजा लिया.
परीक्षा नियंत्रक निरंजय कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रश्नपत्रों व अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्रियों की सुरक्षा और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए. इस दौरान विद्यालय के प्रभारी अरुण कुमार ने भी परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि त्रैमासिक परीक्षाएं विद्यार्थियों की विषयवार तैयारी के आकलन के लिए बेहद अहम हैं.
परीक्षा की व्यवस्था और अनुशासन पर जताया संतोष
निरीक्षण के अंत में परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा केंद्र पर कायम व्यवस्था और अनुशासन पर गहरी संतुष्टि व्यक्त की और निर्देश दिया कि आगामी दिनों में भी परीक्षा समाप्त होने तक इसी प्रकार की उत्कृष्ट व्यवस्था बनाकर रखी जाए.
Also Read : औरंगाबाद सदर अस्पताल में अब 127 तरह की जांच, थायराइड समेत कई टेस्ट होंगे नि:शुल्क
इस निरीक्षण अभियान के दौरान विद्यालय परिवार से शिक्षक संजय कुमार, मेहता रवि रंजन कुमार, संतोष कुमार, सुशील कुमार, पिंकी कुमारी एवं विक्रम कुमार सहित अन्य शिक्षणेत्तर कर्मी भी उपस्थित रहे.
