औरंगाबाद : इंटर फॉर्म भरने के नाम पर 2600 रुपये मांगने का आरोप, ओबरा में छात्रा की शिकायत पर BEO सख्त

ओबरा के सदीपुर स्थित श्यामलाल सिंह संध्या महिला विद्यालय में इंटर प्लस टू फॉर्म भरने के लिए सरकार द्वारा तय 1,430 रुपये के बजाय 2,600 रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है. छात्रा की शिकायत और प्रधान लिपिक द्वारा 2,600 रुपये लेने की बात स्वीकार किए जाने के बाद बीईओ जूही कुमारी ने प्रधान लिपिक से स्पष्टीकरण मांगा है.

औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के वित्त रहित उच्च विद्यालय श्यामलाल सिंह संध्या महिला विद्यालय, सदीपुर में इंटर प्लस टू का फाइनल रजिस्ट्रेशन एवं परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर निर्धारित राशि से अधिक वसूली किए जाने का मामला सामने आया है.

विद्यालय की छात्रा ने प्रधान लिपिक पर अवैध राशि मांगने का आरोप लगाया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रधान लिपिक से स्पष्टीकरण की मांग की है.

2,600 रुपये मांगने का आरोप

शनिवार को सामान्य वर्ग की छात्रा रिया कुमारी इंटर प्लस टू का फाइनल रजिस्ट्रेशन एवं परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विद्यालय पहुंची थी. छात्रा का आरोप है कि विद्यालय के प्रधान लिपिक रामानुज सिंह द्वारा रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2,500 रुपये तथा फॉर्म भरने के नाम पर 100 रुपये, कुल 2,600 रुपये की मांग की गई. छात्रा ने जब विरोध किया तो प्रधान लिपिक ने कहा कि संस्थान में इतनी ही राशि ली जा रही है, आपको जहां जाना है जा सकती हैं.

1,170 रुपये अधिक वसूली

छात्रा के अनुसार, सरकार द्वारा सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं से इंटर प्लस टू का फॉर्म भरने के लिए 1,430 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.

ऐसे में 2,600 रुपये की मांग किए जाने पर छात्रा ने लगभग 1,170 रुपये अधिक वसूली का आरोप लगाया है. छात्रा की सूचना पर पहुंचे अभिभावक के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने तथा दूसरे विद्यालय से फॉर्म भराने की बात कहने का आरोप है.

प्रधान लिपिक ने स्वीकारी बात

इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जूही कुमारी ने बताया कि विद्यालय के प्रधान लिपिक से मामले को लेकर संपर्क किया गया था. संपर्क किए जाने पर प्रधान लिपिक द्वारा संस्था की ओर से 2,600 रुपये लेकर फॉर्म भरने की बात स्वीकार की गई है.

बीईओ ने मांगा स्पष्टीकरण

बीईओ ने बताया कि अधिक राशि लिए जाने के संबंध में प्रधान लिपिक से स्पष्टीकरण मांगा गया है. उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी से मार्गदर्शन प्राप्त कर विद्यालय के विरुद्ध आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : औरंगाबाद में 31,650 राशन कार्ड आवेदकों की e-KYC लंबित, डीएम ने जल्द निपटारे का दिया निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश द्विवेदी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >