प्रतिभा सम्मान समारोह में IIT Delhi और NEET सफल विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, सफलता का मंत्र भी मिला

Aurangabad News : संस्कार विद्या नॉलेज सिटी में IIT दिल्ली और NEET परीक्षा में सफल होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर अतिथियों ने छात्रों को कड़ी मेहनत और अनुशासन से सफलता प्राप्त करने के गुर सिखाए.

Aurangabad News : विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल के संस्कार विद्या नॉलेज सिटी, नवरतन चक-लीलाचक परिसर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में आईआईटी दिल्ली और नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं. कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई. इसके बाद स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया.

आईआईटी दिल्ली और नीट में सफल छात्रों को किया गया सम्मानित

संस्था के पूर्ववर्ती छात्र सक्षम कुमार के आईआईटी दिल्ली में चयनित होने तथा कुमार उत्कर्ष और चैतन्य पार्थ सारथी के नीट परीक्षा में सफल होने पर मुख्य अतिथि दाउदनगर के डीसीएलआर प्रणव कुमार, संस्था के सीएमडी सुरेश कुमार गुप्ता, सीईओ आनंद प्रकाश और टेक्निकल एडवाइजर विनय प्रकाश ने प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया. कार्यक्रम का संचालन संदीप कुमार तांती ने किया.

कड़ी मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता : डीसीएलआर

मुख्य अतिथि डीसीएलआर प्रणव कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी कठिन मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है. उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने प्रतिष्ठित संस्थानों में सफलता प्राप्त की है, उनके अनुभव अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को सफल छात्रों से तैयारी की रणनीति सीखने तथा पढ़ाई के दौरान किसी भी कठिनाई की स्थिति में शिक्षकों और वरिष्ठ विद्यार्थियों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी.

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, स्पष्ट लक्ष्य बनाकर करें परिश्रम

प्रणव कुमार ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थी ही अपने सपनों को साकार कर पाते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास पर भी समान रूप से ध्यान देने की अपील की.

छात्र जीवन का हर पल महत्वपूर्ण : प्रणव कुमार

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन सबसे स्वर्णिम समय होता है, जो दोबारा वापस नहीं आता. इसलिए इस समय का सदुपयोग करते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करना चाहिए.

शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी रहे मौजूद

इस अवसर पर राधेश्याम सिंह, शिवेंद्र शर्मा, अमरनाथ मिश्रा, एसबी सिंह, अजीत कुमार, शेखर शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे.

Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दौरे को लेकर बेगूसराय में अलर्ट, कार्यक्रम स्थलों पर ड्रोन उड़ाने पर रोक



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om Prakash

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >