औरंगाबाद में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर, बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक की मौत, साथी गंभीर

औरंगाबाद के गोह थाना मुख्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया.

Aurangabad News: गोह थाना मुख्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर बुधवार को स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

मृतक और घायल युवक की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान गोह थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी प्रदीप सिंह के 18 वर्षीय पुत्र अभिनव कुमार के रूप में हुई है. वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रोहतास जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के खेलड़िया गांव निवासी पिंटू सिंह के 16 वर्षीय पुत्र कार्तिक कुमार उर्फ छोटू के रूप में की गई है. बताया गया कि कार्तिक इन दिनों अपने मामा के घर अकौना गांव आया हुआ था.

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार अभिनव कुमार और कार्तिक कुमार अपने एक दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान दाउदनगर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो और गया की ओर जा रही उनकी बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

गया ले जाते समय अभिनव ने तोड़ा दम

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने दोनों घायलों को गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया. लेकिन इलाज के लिए गया ले जाने के दौरान रास्ते में ही अभिनव कुमार की मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया. युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.

पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त

गोह थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.

बंटी यादव मर्डर केस; मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >