Police farewell ceremony: अंबा थाना के निवर्तमान थानाध्यक्ष राहुल राज के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. ब्रह्मर्षि विकास एवं जनकल्याण मंच की ओर से हरदत्ता स्थित विजार्ड कंप्यूटर परिसर में आयोजित समारोह में लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने की.
पुलिस का प्रयास जरूरतमंदों को सहयोग और न्याय दिलाना : राहुल राज
समारोह को संबोधित करते हुए निवर्तमान थानाध्यक्ष राहुल राज ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी के अनुसार सरकारी नियमों और गाइडलाइन का पालन करना आवश्यक होता है. कई बार पुलिस को विषम परिस्थितियों में काम करना पड़ता है. पुलिस की कार्यशैली को लेकर आम लोगों के बीच सवाल भी उठते हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस का प्रयास रहता है कि जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहयोग मिले और उन्हें उचित न्याय दिलाया जा सके.
उन्होंने कहा कि 28 फरवरी 2024 को अंबा थाना में योगदान देने के बाद करीब ढाई वर्षों से अधिक समय तक यहां सेवा करने का अवसर मिला. इस दौरान हमेशा यह प्रयास रहा कि उनकी वजह से किसी का घर न उजड़े और कोई भूखा न रहे. सड़क किनारे ठेला और फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोगों के प्रति भी सहानुभूति रखने का प्रयास किया गया, साथ ही आवागमन को सुचारू बनाए रखने का ध्यान रखा गया.
राहुल राज ने कहा कि पूरे कार्यकाल के दौरान ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पुलिसिंग व्यवस्था का निर्वहन करने का प्रयास किया. इसके बावजूद कार्यकाल के दौरान किसी तरह की भूल हुई हो, तो उसके लिए वह क्षमा प्रार्थी हैं. उन्होंने अपराध नियंत्रण में पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और आम लोगों के सहयोग के प्रति आभार जताया. कहा कि अंबा के लोगों का सहयोग वह आजीवन याद रखेंगे.
पुलिस पदाधिकारियों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान स्थानांतरित थानाध्यक्ष राहुल राज के साथ पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार सुमन को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया. एसआई दीपक कुमार, सूरज कुमार और पंकज कुमार ने कहा कि राहुल राज एवं सुमित कुमार सुमन के साथ काम करने के दौरान काफी कुछ सीखने को मिला.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप चौबे, मुखिया प्रतिनिधि आकाश सिंह, प्रो. विश्वनाथ पांडेय, प्रो. सुनील कुमार सिंह, मंच के अध्यक्ष अजीत पांडेय, श्रीमन पांडेय, कोषाध्यक्ष रोशन कुमार, राधाकृष्ण पांडेय उर्फ गुड्डू पांडेय, दिनेश मालाकार, मनोज पांडेय, चंदन तिवारी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कंचन गुप्ता और अजय तिवारी समेत अन्य लोगों ने भी विचार रखे. वक्ताओं ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों के कार्यकाल की सराहना की. मौके पर मुकेश पांडेय, अशोक पांडेय, गोलू कुमार समेत दर्जनों लोग मौजूद थे.
