ईद मिलादुन्नबी पर रफीगंज में निकला भव्य जुलूस, हजारों लोगों ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश

Aurangabad News : रफीगंज में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया. इस दौरान लोगों ने शांति, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया. सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे.

Aurangabad News : रफीगंज. ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को रफीगंज शहर में आस्था और उत्साह के साथ भव्य जुलूस निकाला गया. जुलूस में रफीगंज शहर के अलावा अहमदपुर, सुल्तानपुर, काजीचक, कियाखाप, हाजीपुर गोला सहित आसपास के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए. जुलूस के दौरान पूरा शहर धार्मिक नारों और नात की आवाजों से गूंजता रहा. लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं और शांति, भाईचारे तथा आपसी सौहार्द का संदेश दिया.

जामा मस्जिद के समीप से निकला जुलूस

जुलूस की शुरुआत इमादपुर स्थित जामा मस्जिद के समीप से हुई. बड़ी संख्या में लोग धार्मिक झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए. जुलूस इमादपुर से निकलकर महाराजगंज, राजा बगीचा, न्यू एरिया और बस स्टैंड होते हुए मुख्य बाजार पहुंचा. इसके बाद विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जुलूस पुनः इमादपुर स्थित जामा मस्जिद के समीप पहुंचा, जहां शांतिपूर्ण तरीके से इसका समापन किया गया.

धार्मिक नारों और नात-ए-पाक से गूंजता रहा शहर

जुलूस के दौरान धार्मिक नारे गूंजते रहे. जगह-जगह लोगों द्वारा नात-ए-पाक पढ़ी गई. जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके द्वारा दिए गए शांति, प्रेम, मानवता, भाईचारे एवं सद्भावना के संदेश को याद किया. लोगों ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का अवसर इंसानियत, आपसी प्रेम और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश देता है.

Also Read : औरंगाबाद: 10 साल से बदहाल घोरहत गांव की मुख्य सड़क, जलजमाव और कीचड़ से ग्रामीण परेशान

पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है मिलादुन्नबी

इस अवसर पर लोगों ने बताया कि इस्लामी मान्यता के अनुसार ईद मिलादुन्नबी पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाई जाती है. मान्यता के अनुसार अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार 20 अप्रैल 571 ईस्वी को उनका जन्म हुआ था. इसी उपलक्ष्य में रफीगंज में जुलूस निकालकर शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया.

सुरक्षा को लेकर पुलिस रही अलर्ट

जुलूस को लेकर रफीगंज पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पुलिस पदाधिकारी लगातार जुलूस की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे. पूरे मार्ग में पुलिस बल की मौजूदगी रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

Also Read : औरंगाबाद: पत्र जारी होने के बाद भी अवैध तरीके से जारी है स्कूल का संचालन, कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित

युवाओं ने राहगीरों और श्रद्धालुओं को बांटा पानी-शरबत

जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर युवाओं की टोली ने श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए पानी, शरबत और खजूर का वितरण किया. लोगों ने आपसी सहयोग और सेवा भावना का परिचय देते हुए जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया. इस दौरान शहर में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सौहार्द का भी वातावरण देखने को मिला.

अधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अश्विनी, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अमर कुमार, रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती अफसर साहब, नुरुल होदा खान, तजम्मुल खान, अली रज्जा, माहिद खान, सोनू खान, अमन रज्जा, शहनावाज हुसैन, सैफ खान, हैदर खान, अरमान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन का जताया आभार

जुलूस के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन का आभार जताया. पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों ने शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की. ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकला यह जुलूस रफीगंज में धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया.

Also Read : हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर मदनपुर में निकला शांतिपूर्ण जुलूस, दिया अमन और भाईचारे का संदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतेंद्र पाठक

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >