औरंगाबाद में बारिश नहीं होने से किसानों की बढ़ी चिंता, 50 गांवों में धान रोपनी प्रभावित; सुखाड़ की आशंका

मदनपुर प्रखंड में लगातार बारिश के अलर्ट के बावजूद पर्याप्त वर्षा न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. करीब 50 गांवों में धान की रोपनी न के बराबर हुई है, जिससे सुखाड़ की आशंका गहरा रही है.

Aurangabad drought: मौसम विभाग की ओर से लगातार बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बावजूद मदनपुर प्रखंड में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. आसमान में बादल छा रहे हैं और गर्जना भी हो रही है, लेकिन बारिश नहीं होने से किसानों की उम्मीदें टूटती नजर आ रही हैं. क्षेत्र में कम वर्षा के कारण सुखाड़ की आशंका गहराने लगी है.

50 गांवों में धान की रोपनी प्रभावित

किसानों के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में धान की रोपनी न के बराबर हुई है. कई पंचायतें सूखे की चपेट में आ गई हैं. धान रोपनी का समय भी तेजी से निकलता जा रहा है, जिससे किसानों के सामने खेती के साथ परिवार के भरण-पोषण की चिंता भी बढ़ गई है.

मोटर से सिंचाई भी नहीं दे रही राहत

किसान कृष्णा यादव, पुकार पासवान, रामलखन महतो, रामजी यादव, कृष्णा महतो, कुलेन्द्र महतो, संतन महतो, उपेंद्र यादव और योगेंद्र यादव ने बताया कि समय पर अच्छी बारिश की उम्मीद थी, लेकिन खेतों में पर्याप्त पानी नहीं है. कई किसान मोटर से सिंचाई कर रोपनी करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण यह भी संभव नहीं हो पा रहा है.

बिचड़े पीले पड़ने लगे, नहर का पानी भी नहीं पहुंच रहा खेतों तक

किसानों का कहना है कि खेतों में लगे धान के बिचड़े पीले पड़ने लगे हैं. उत्तरी कोइल नहर में पानी आने के बावजूद मरम्मत कार्य के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है. इससे खेती का संकट और गहरा गया है.

सुखाड़ घोषित करने और मुआवजे की मांग

किसानों ने सरकार और प्रशासन से क्षेत्र का जल्द सर्वे कराने, वैकल्पिक सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा इलाके को सुखाड़ग्रस्त घोषित कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि समय पर राहत नहीं मिली तो किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है.

Also Read: आज पूरे बिहार में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, इन 10 जिलों में ज्यादा रहेगा प्रभाव, IMD की एडवाइजरी जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >