दाउदनगर अनुमंडल हॉस्पिटल में डायलिसिस सेंटर की सौगात, किडनी मरीजों को इलाज के लिए नहीं जाना होगा दूर

Aurangabad News: औरंगाबाद के दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस सेंटर की शुरुआत होने जा रही है. जिससे अब किडनी मरीजों को औरंगाबाद सदर अस्पताल या निजी अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. उम्मीद जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे और अगले महीने तक इसका उद्घाटन हो जाएगा.

Aurangabad News (ओम प्रकाश): जिले के दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस सेंटर की शुरुआत होने जा रही है. बिहार सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण की दिशा में उठाया गया यह कदम अनुमंडल क्षेत्र के किडनी मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा. अब मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए पटना, औरंगाबाद सदर अस्पताल या निजी अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि यह सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी.

राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा प्रदेश के 56 अनुमंडल हॉस्पिटलों में पीपीपी (लोक निजी साझेदारी) मॉडल के तहत डायलिसिस सेंटर शुरू किए जा रहे हैं. इसी योजना के अंतर्गत दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल की जिम्मेदारी अपोलो डायलिसिस प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद को सौंपी गई है. एजेंसी द्वारा अस्पताल परिसर के एक कमरे में डायलिसिस यूनिट स्थापित करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है.

शुरू में तीन बेड वाला डायलिसिस सेंटर

प्रारंभिक चरण में तीन बेड वाला डायलिसिस सेंटर शुरू किया जाएगा. इसके लिए अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन, आरओ प्लांट, प्रोसेसिंग यूनिट, बिजली व्यवस्था तथा ड्रेनेज सिस्टम की तैयारी की जा रही है. बताया जा रहा है कि सेंटर के संचालन के दौरान प्रतिदिन लगभग 2000 लीटर पानी वेस्ट हो सकता है, जिसे देखते हुए तकनीकी व्यवस्थाओं को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है. डायलिसिस सेंटर में प्रशिक्षित टेक्नीशियन और स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की सेवा में उपलब्ध रहेंगे. वहीं समय-समय पर डॉक्टर भी मरीजों की स्थिति की निगरानी करेंगे.

ओबरा, गोह, हसपुरा,अरवल समेत आसपास के लोगों को होगा फायदा

उम्मीद जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे और अगले महीने तक इसका उद्घाटन हो जाएगा. यह सुविधा दाउदनगर के अलावा ओबरा, गोह, हसपुरा समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी लाभकारी साबित होगी. साथ ही अरवल और रोहतास जिले के कई मरीजों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा. मौजूदा समय में निजी अस्पतालों में एक बार डायलिसिस कराने पर छह हजार से बारह हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं. लेकिन बीपीएल और आयुष्मान कार्डधारकों को अनुमंडल अस्पताल में यह सुविधा निशुल्क मिलेगी, जबकि आम मरीजों के लिए सरकार न्यूनतम शुल्क निर्धारित कर सकती है.


अनुमंडलीय अस्पताल की प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शांता कुमारी ने बताया कि एजेंसी द्वारा तेजी से कार्य कराया जा रहा है और अगले महीने तक डायलिसिस यूनिट शुरू होने की पूरी संभावना है.

Also Read: औरंगाबाद में तेजी से बढ़ रहे ‘रिजॉर्ट कल्चर’, रातभर डीजे की आवाज से परेशान हो रहे लोग, डॉक्टरों ने भी चेताया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >