औरंगाबाद : ग्राहक बनकर आया शातिर, नथुनी-पायल दिखवाते रहा और पांच लाख के 30 जिउतिया लेकर हुआ फरार

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर के बजाजा रोड स्थित रामविलास बाबू ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए एक 55 वर्षीय शातिर ने 5 लाख रुपये मूल्य के 30 पीस सोने के जिउतिया चुरा लिए. चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

औरंगाबाद के दाउदनगर शहर के व्यस्त बजाजा रोड स्थित रामविलास बाबू ज्वेलर्स से एक शातिर चोर ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और करीब पांच लाख रुपये मूल्य के 30 पीस सोने के जिउतिया चोरी कर फरार हो गया.

इस सनसनीखेज घटना के संबंध में दुकान के कर्मचारी रविंद्र कुमार के लिखित बयान पर दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है.

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना के वक्त दुकान की मालकिन किसी आवश्यक काम से बाहर गई हुई थीं और कर्मचारी रविंद्र कुमार अकेला ही दुकान संभाल रहा था. इसी दौरान करीब 55 वर्ष की उम्र का एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान के अंदर पहुंचा.

उसने पहले कर्मचारी से सोने की नथुनी दिखाने को कहा. इसके बाद उसने चांदी की पायल दिखाने की भी मांग की. कर्मचारी उसे एक-एक कर आभूषण दिखाता रहा, लेकिन उस शातिर ने कोई भी सामान नहीं खरीदा और कुछ देर बाद दुकान से बाहर निकल गया.

सीसीटीवी फुटेज में जेब में पैकेट रखते दिखा शातिर

ग्राहक के जाने के बाद जब दुकान के कर्मचारियों ने काउंटर पर रखे आभूषणों का मिलान किया, तो उनके होश उड़ गए. स्टॉक जांचने पर सोने के 30 पीस जिउतिया गायब मिले. प्राथमिकी में इन गहनों का कुल वजन करीब 33.760 ग्राम बताया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है.

Also Read : रंगाबाद पहुंचीं मंत्री श्रेयसी सिंह, सतबहिनी मंदिर में पूजा के बाद संडा में कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

कीमती सामान गायब मिलने के तुरंत बाद दुकान में लगे क्लोज-सर्कुलेशन टेलीविजन (CCTV) कैमरे की फुटेज को खंगाला गया. फुटेज में वही संदिग्ध व्यक्ति काउंटर के पास रखे सोने के जिउतिया से भरा प्लास्टिक का छोटा पैकेट चालाकी से अपनी पैंट की जेब में छिपाते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. घटना के बाद उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

पुलिस कर रही आरोपित की पहचान और तलाश

दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में हुई इस चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान सुनिश्चित करने तथा उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >