औरंगाबाद में महंगाई के खिलाफ भाकपा माले का विरोध मार्च, अंबा चौक पर पीएम का पुतला फूंका

Aurangabad News : अंबा में भाकपा माले ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और पीएम मोदी का पुतला फूंका। सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया गया।

Aurangabad News : देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अंबा बाजार में विरोध मार्च निकाला. देशव्यापी आंदोलन के समर्थन में आयोजित मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. पार्टी कार्यालय से निकला मार्च नवीनगर रोड होते हुए बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरा और अंबा चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका.

रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर जताया विरोध

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रखंड सचिव वीरेंद्र मेहता ने कहा कि पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है. त्योहारों के मौसम में चीनी के दाम में बढ़ोतरी के साथ सब्जियों की कीमतों में उछाल ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. बाजार में प्याज 50 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है.

वक्ताओं ने कहा कि सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए. आम लोगों को राहत नहीं मिली तो पार्टी की ओर से आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.

सरकार पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप

भाकपा माले के प्रखंड सचिव वीरेंद्र मेहता ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं और इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए बल का इस्तेमाल कर रही है.

उन्होंने कहा कि यूपीए शासनकाल में महंगाई बढ़ने पर भाजपा के नेता सड़क पर उतरकर विरोध करते थे, लेकिन आज वही लोग बढ़ती महंगाई पर सरकार का बचाव कर रहे हैं.

कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है और पूंजीपतियों व कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियां लागू की जा रही हैं. कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर बड़े उद्योगपतियों को उद्योग लगाने के लिए रियायतें और जमीन उपलब्ध करायी जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में गरीब परिवारों के पास रहने के लिए पक्का मकान तक नहीं है.

विरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने, आम लोगों को राहत देने और सरकार की जनविरोधी नीतियों को वापस लेने की मांग की.

Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >