औरंगाबाद में अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई, हटायी गयीं अवैध दुकानें, कई ठेले जब्त

Aurangabad News: औरंगाबाद के मुख्य बाजार में 11 मई को पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अवैध कब्जे को हटाया. जिसके बाद लोगों का उत्साह देखने लायक था. पुलिस ने दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.

Aurangabad News (मनीष राज सिंघम): शहर के मुख्य बाजार में सोमवार को पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई की. नगर परिषद, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने रमेश चौक, मुख्य बाजार, सब्जी मंडी मार्ग सहित आसपास के कई इलाकों में सड़क और फुटपाथ पर कब्जा जमाकर बैठे दुकानदारों, ठेला चालकों और अस्थायी गुमटी संचालकों को हटाया.

अभियान के दौरान जेसीबी मशीन से कई अवैध कब्जे को ध्वस्त किया गया, जबकि सड़क पर दुकान लगाकर ट्रैफिक बाधित करने वाले कई ठेला चालकों के ठेले जब्त कर लिये गये. प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

पहले चेतावनी फिर कार्रवाई

सुबह से ही नगर परिषद की टीम भारी पुलिस बल के साथ रमेश चौक पहुंची. अधिकारियों ने पहले माइकिंग कर दुकानदारों और ठेला चालकों को सड़क खाली करने का निर्देश दिया. प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क और फुटपाथ आम लोगों के आवागमन के लिए हैं, लेकिन लगातार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण हटाया नहीं जा रहा था. अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों द्वारा अनदेखी करने पर जेसीबी मशीन से कार्रवाई शुरू कर दी गयी.

लगातार जारी रहेगा अभियान

देखते ही देखते सड़क किनारे बनी कई अस्थायी गुमटियां और टीन शेड हटाये गये. कई दुकानदारों द्वारा सड़क तक बढ़ाकर रखे गये सामान को भी जब्त किया गया. अभियान के दौरान कुछ व्यापारियों और ठेला चालकों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा. प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कहा कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में सड़क पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.

सड़क पर खड़े वाहनों पर भी हुई कार्रवाई

अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने भी मुख्य सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया. कई बाइक और अन्य वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ा करने पर चालान काटा गया. अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित सीमा के अंदर ही दुकान लगायें और फुटपाथ को पूरी तरह खाली रखें. नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूला. अधिकारियों ने बताया कि बार-बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद कई लोग सड़क पर दुकान लगाकर यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे थे.

जाम और दुर्घटना की आशंका से लोग परेशान

स्थानीय प्रशासन के अनुसार मुख्य बाजार में पिछले कई महीनों से जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही थी. खासकर सुबह और शाम के समय बाजार क्षेत्र में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था. सड़क पर ठेला, फल, सब्जी और अन्य दुकानों के फैल जाने के कारण पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी होती थी. कई बार सड़क संकरा हो जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. इसी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त अभियान चलाया.

दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई

अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है. सड़क पर अवैध कब्जे के कारण एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी आवाजाही में परेशानी होती थी. ऐसे में बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित करना आवश्यक हो गया था. प्रशासन ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. सड़क पर दोबारा दुकान लगाने या कब्जा करने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जायेगा.

लोगों ने कहा, नियमित चले अभियान

अभियान के दौरान बाजार में खरीदारी करने आये लोगों की भीड़ लगी रही. कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गये. कई दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान हटाते नजर आये. कुछ ठेला चालकों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग भी की. हालांकि अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर कब्जा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जायेगा.

स्कूल जाने वाले बच्चे और मरीजों को खासा परेशानी

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्य बाजार में अतिक्रमण के कारण हर दिन लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी. जाम की वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को काफी दिक्कत होती थी. लोगों ने मांग की कि प्रशासन इस तरह का अभियान नियमित रूप से चलाये ताकि बाजार क्षेत्र स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त रह सके और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.

Also Read: 13 मई को होगी सम्राट सरकार की कैबिनेट बैठक, कई फैसलों पर लग सकती है मुहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >