Aurangabad News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण औरंगाबाद समाहरणालय के सभा कक्ष एवं एनआईसी के सभा कक्ष में किया गया. इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क लाइव शिक्षा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई और अधिक सरल एवं सुगम होगी. विद्यार्थियों के लिए 24x7 ऑनलाइन शिक्षक उपलब्ध रहेंगे. कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क लाइव शिक्षा के साथ अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ने की सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि इस पहल से 700 मॉडल विद्यालयों के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा.
75 हजार शिक्षक देंगे वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि सप्ताह के सातों दिन वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट के लिए करीब 75 हजार शिक्षक उपलब्ध रहेंगे. पढ़ाई के दौरान पाठ से संबंधित किसी भी समस्या का निःशुल्क एवं त्वरित समाधान किया जाएगा. विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन के साथ डिजिटल टूल्स के माध्यम से कॉन्सेप्ट लर्निंग की सुविधा भी मिलेगी. इससे विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे.
Also Read : नवादा: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, हजारों शिवभक्तों ने बाबा भोले पर चढ़ाया जल
जेईई और नीट की तैयारी में भी मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ-साथ जेईई एवं नीट की तैयारी और डिजिटल अध्ययन सामग्री की सुविधा भी विद्यार्थियों को उपलब्ध होगी. उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनकी शैक्षणिक क्षमता को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
विद्यार्थियों तक प्लेटफॉर्म की सुविधा पहुंचाने का निर्देश
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में ‘बिहार विद्या साथी’ के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यार्थियों तक इसकी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों को प्लेटफॉर्म की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए.
तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल के दौरान तकनीकी अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना की नियमित निगरानी करने और विद्यार्थियों को इसका अधिकतम लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
