औरंगाबाद में 'डेथ ट्रैप' बनी सड़क, वंशी बिगहा में चार फीट गहरे गड्ढे से हर दिन हादसे का खतरा

औरंगाबाद जिले में पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद हरिहरगंज-सिमरी बाईपास पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है, जिससे सड़क जर्जर हो गई है. कुटुम्बा के वंशी बिगहा में बना चार फीट गहरा गड्ढा, जो बारिश में पानी से भर जाता है, अब 'डेथ ट्रैप' बन चुका है और स्थानीय निवासी तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

कुटुम्बा. औरंगाबाद जिले के दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने का असर अब हरिहरगंज-सिमरी बाईपास से टंडवा जाने वाले मुख्य मार्ग पर साफ दिखाई देने लगा है. पुल पर आवागमन प्रभावित होने के बाद भारी वाहनों का दबाव इस सड़क पर बढ़ गया है. इसके कारण कुछ वर्ष पहले बनी सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है. हरिहरगंज-सिमरी बाईपास से टंडवा तक करीब 50 से 60 स्थानों पर सड़क टूटकर खस्ताहाल हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वंशी बिगहा में चार फीट गहरा गड्ढा बना जानलेवा

सबसे गंभीर स्थिति कुटुम्बा थाना क्षेत्र के वंशी बिगहा गांव के पास है. यहां सड़क के दोनों ओर बने पक्के मकानों के कारण जल निकासी बाधित हो गई है. नाली जाम होने से बारिश और घरों का पानी सड़क पर जमा रहता है. इससे सड़क पर करीब चार फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया है, जो अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है.

बरसात में बढ़ा हादसों का खतरा

बरसात के दौरान यह गड्ढा पानी से भर जाता है, जिससे इसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. ऐसे में बाइक, ऑटो, कार और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा कई गुना बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं.

ग्रामीणों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

मनोहरी गांव निवासी डॉ. प्रिंस कुमार सिंह ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वंशी बिगहा का यह गड्ढा अब 'डेथ ट्रैप' बन चुका है. उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से क्षेत्र के सैकड़ों गांव जुड़े हैं और सड़क की बदहाली से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं.

नाली सफाई और सड़क मरम्मत की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जाम नालियों की तत्काल सफाई कराने, वंशी बिगहा के जानलेवा गड्ढे को भरवाने तथा हरिहरगंज-सिमरी बाईपास से टंडवा तक क्षतिग्रस्त सड़क की युद्धस्तर पर मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में गंभीर हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >