औरंगाबाद: कच्ची सड़क से भी बदतर हुई अंबा–मित्रसेनपुर पक्की सड़क, 10 महीने पहले लगा बोर्ड, अब तक नहीं शुरू हुआ निर्माण

Aurangabad Road News : औरंगाबाद के अंबा–मित्रसेनपुर मार्ग की जर्जर हालत से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है. 10 महीने पहले सड़क निर्माण का बोर्ड लगाया गया, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ.

Aurangabad Road News: औरंगाबाद जिले के अंबा से मित्रसेनपुर जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है. पक्की सड़क पूरी तरह टूटकर कच्ची सड़क से भी बदतर हो चुकी है. जगह-जगह बने गड्ढों और बारिश के बाद जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन जोखिम भरा हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के जीर्णोद्धार के लिए करीब 10 महीने पहले योजना का बोर्ड लगा दिया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ.

Aurangabad Road News: गांवों के लोगों को हो रही सबसे अधिक परेशानी

इस मार्ग से मुड़िला, मित्रसेनपुर, बसौरा, बरहेता समेत कई गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन अंबा बाजार, विद्यालय, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, जबकि पैदल और साइकिल से चलने वालों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.

Aurangabad Rain : बारिश में क्यों बढ़ जाती है मुश्किलें?

ग्रामीणों के अनुसार, हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे पक्की सड़क की पहचान तक मिटने लगी है. बरसात के दिनों में दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है.

Aurangabad News: किसानों और मरीजों पर क्या पड़ रहा असर?

सड़क की बदहाली का असर किसानों पर भी पड़ रहा है. कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में अधिक समय और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है. वहीं बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार एंबुलेंस चालक भी खराब सड़क के कारण गांव तक आने से कतराते हैं.

औरंगाबाद की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

10 महीने पहले लगा बोर्ड, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं

ग्रामीणों के मुताबिक विधानसभा चुनाव के दौरान मुड़िला मोड़ के पास सड़क निर्माण की योजना का बोर्ड लगाया गया था. बोर्ड पर एल-026-टी-02 (ट्रैक-26) योजना के तहत 2.200 किलोमीटर सड़क निर्माण का उल्लेख है. कार्य प्रारंभ होने की तिथि 25 सितंबर 2025 और पूर्ण होने की तिथि 24 सितंबर 2026 दर्ज है.

हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि बोर्ड लगाने के बाद केवल एक दिन काम हुआ और उसके बाद संवेदक दोबारा नहीं लौटे. बोर्ड पर प्राक्कलित राशि, निर्माण लागत और अन्य विवरण भी अंकित नहीं किए गए हैं.

Aurangabad Road News: ग्रामीणों ने क्या मांग की है?

सोनल पांडेय, मुकेश पांडेय, प्रफुल्ल कुमार, जयनारायण यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण की मांग की है. उनका कहना है कि यह सड़क अंबा बाजार से जुड़े कई गांवों की जीवनरेखा है और इसकी अनदेखी से हजारों लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है.

क्या बोले ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता?

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता एस.के. परवीन ने बताया कि उन्होंने हाल ही में औरंगाबाद में कार्यभार संभाला है और अभी क्षेत्र की पूरी जानकारी ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि संबंधित सड़क का निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार जीर्णोद्धार का कार्य जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा.

Also Read: औरंगाबाद में चोरी की बाइक के साथ दो युवक गिरफ्तार, बाइक चोर गिरोह का हो सकता है खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ambuj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >