औरंगाबाद जिले के पुलिस महकमे में प्रशासनिक दृष्टिकोण से बड़े स्तर पर तबादला किया गया है. पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्र नाथ वर्मा ने प्रशासनिक कसावट लाते हुए कुल 18 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया है. इस फेरबदल के तहत जिले के 11 महत्वपूर्ण थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती की गई है, जिससे प्रशासनिक गलियारे में हलचल तेज हो गई है.
महत्वपूर्ण थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती
तबादले की इस नई सूची के अनुसार, आरटीपीएस, आरटीआई, महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग एवं पुलिस कार्यालय औरंगाबाद के प्रभारी पुलिस निरीक्षक नरोत्तम को ओबरा का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, कासमा थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर अक्षय कुमार सिंह को पौथू थाने की कमान सौंपी गई है.
इसी प्रकार कुटुंबा थाना की अनुसंधान इकाई में पदस्थापित उमेश कुमार को सिमरा थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि जिला आसूचना इकाई के प्रभारी चंद्रहास सिंह को कुटुंबा थानाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी गई है. नगर थाना के सब इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार को जिला आसूचना इकाई का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है.
कई अन्य थानों और अनुसंधान इकाइयों में भी फेरबदल
इसके अलावा अन्य कई थानों के प्रभार भी बदले गए हैं. ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार को रिसियप, माली थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय को जम्होर, बड़ेम थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार को फेसर, फेसर थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी को बड़ेम तथा रिसियप थानाध्यक्ष संजीत राम को माली थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
जिला आसूचना इकाई में पदस्थापित पवन कुमार को अंबा, ओबरा थाना अनुसंधान इकाई में पदस्थापित कुणाल कुमार को पौथू तथा टंडवा थाना अनुसंधान इकाई में पदस्थापित रूपेश कुमार को कासमा थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है.
दूसरी ओर, कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान अली का तबादला करते हुए उन्हें ओबरा थाना की अनुसंधान इकाई में भेजा गया है.
सिमरा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार को टंडवा, अंबा थानाध्यक्ष राहुल कुमार को नगर थाना तथा जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता को कुटुंबा थाने में पदस्थापित किया गया है. इसके अलावा पौथू थानाध्यक्ष संजय कुमार को नगर थाना की अनुसंधान इकाई में भेजा गया है.
