औरंगाबाद में दुष्कर्म पीड़िता से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, बोले- दरिंदों की कोई जाति नहीं होती

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने औरंगाबाद में दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया. उन्होंने घटना के पीछे समाज के नैतिक पतन और सरकार की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई.

Aurangabad physical assault Victim: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सह कुटुंबा के पूर्व विधायक राजेश कुमार गुरुवार को औरंगाबाद पहुंचे. उन्होंने दुष्कर्म पीड़िता के घर जाकर उससे मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी ली. पीड़िता और उसके परिजनों से बातचीत कर उन्होंने हरसंभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया. घटना को लेकर उन्होंने सरकार और पुलिस-प्रशासन पर भी सवाल उठाये.

पीड़िता से मिलकर घटना की ली जानकारी

राजेश कुमार ने कहा कि दुष्कर्म ऐसा शब्द है, जिसका नाम लेना भी अपराध जैसा महसूस होता है. इसके बावजूद बिहार में महिलाओं और बेटियों के साथ ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. उन्होंने कहा कि दरिंदों की कोई जाति नहीं होती. अपराधी किसी भी जाति या समुदाय का हो, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है. इसके लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है.

एसपी से फोन पर की बात, तीसरे आरोपित के सरेंडर की मिली जानकारी

प्रदेश अध्यक्ष ने मामले को लेकर औरंगाबाद एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा से फोन पर बातचीत की. उन्होंने आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की. राजेश कुमार ने बताया कि एसपी ने उन्हें जानकारी दी कि मामले के तीसरे आरोपित ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. एसपी ने स्पीडी ट्रायल के माध्यम से आरोपितों को सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिया है.

गांव के ही युवकों पर आरोप, नैतिक पतन पर जतायी चिंता

राजेश कुमार ने कहा कि घटना की सबसे चिंताजनक बात यह है कि मामले में आरोपित तीनों युवक उसी गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि गांव में रहने वाले लोग आपसी रिश्तों और सामाजिक बंधनों से जुड़े होते हैं. इसके बावजूद गांव के ही युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं. महिलाओं और बेटियों के प्रति सम्मान और सुरक्षा का भाव मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने नैतिक मूल्यों में आ रही गिरावट पर भी चिंता जतायी.

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुशासन का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग दिखाई देती है. लूट, हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.

उन्होंने दावा किया कि अपराध के आंकड़ों पर गौर करने पर बिहार की स्थिति उत्तर प्रदेश से भी खराब नजर आती है.

सड़क से सदन तक मामला उठाने की चेतावनी

राजेश कुमार ने कहा कि आज बिहार में बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और महिलाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. सरकार को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के साथ पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही भी तय करनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हरसंभव प्रयास करेगी. जरूरत पड़ी तो पार्टी इस मामले को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी. उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता रहे मौजूद

इस मौके पर प्रेस वार्ता में सुरेंद्र यादव, सूरज राय, संजय यादव समेत अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >