Aurangabad Accident: औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के सिंहुड़ी (बेल सिंहुड़ी) गांव में गुरुवार की मध्य रात्रि दर्दनाक हादसा हुआ. एक पुराना मिट्टी का मकान अचानक भरभराकर ध्वस्त हो गया. हादसे के समय घर में सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए. घटना में 12 वर्षीय बबली कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूनम देवी और तीन अन्य बच्चे घायल हो गए.
मृतका बबली कुमारी कन्हाई विश्वकर्मा की पुत्री थी. घायलों में उसकी मां पूनम देवी के अलावा नंदनी कुमारी, रिमी कुमारी और कुंदन कुमार शामिल हैं. हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
सोते समय अचानक भरभराकर गिरा मकान
मिली जानकारी के अनुसार, कन्हाई विश्वकर्मा की पत्नी पूनम देवी अपने चार बच्चों के साथ गांव स्थित पुराने मिट्टी के मकान में सोई हुई थी. गुरुवार की देर रात अचानक मकान की दीवारें और छत भरभराकर गिर गईं. जिस कमरे में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, वह पूरी तरह ध्वस्त हो गया और पांचों लोग मलबे के नीचे दब गए.
आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों की नींद खुल गई. लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. इसके बाद ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर पांचों लोगों को बाहर निकाला गया.
सदर अस्पताल में बच्ची को मृत घोषित किया
मलबे से बाहर निकाले गए सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 12 वर्षीय बबली कुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उसकी मां पूनम देवी और तीनों घायल बच्चों का इलाज किया गया.
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
घटना के बाद सिंहुड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुए हादसे से ग्रामीण भी सदमे में हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें:सारण में गंगा का रौद्र रूप: दिघवारा के अकिलपुर पंचायत के 8 गांव बाढ़ में डूबे, सड़क से घर तक पानी ही पानी
