Aurangabad News : निर्देश के बावजूद योगदान नहीं देने पर दो राजस्व कर्मचारी निलंबित

Aurangabad News: निर्देश की अवहेलना पर जिलाधिकारी की सख्ती, अनुशासनहीनता पर कड़ा संदेश

औरंगाबाद शहर. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने राजस्व कार्यों के प्रभावी संचालन एवं विभागीय अनुशासन बनाये रखने के उद्देश्य से कार्रवाई करते हुए दो राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. उल्लेखनीय है कि आठ अप्रैल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव के साथ राजस्व कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई थी. इसमें सभी कर्मचारियों को हड़ताल एवं सामूहिक अवकाश समाप्त कर अपने-अपने कर्तव्यों पर तत्काल योगदान देने का स्पष्ट निर्देश दिया गया था. यह निर्देश जिला स्तर पर भी सभी संबंधित कर्मियों को उपलब्ध कराया गया था. इसके बावजूद हसपुरा अंचल के राजस्व कर्मचारी सह बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ गोपगुट के अध्यक्ष विनय कुमार तथा रफीगंज अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी एवं संघ के सचिव मुकेश कुमार द्वारा 13 अप्रैल तक अपने कर्तव्यों पर योगदान नहीं किया गया. साथ ही इनके विरुद्ध जारी कारण पृच्छा का भी कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया. इनके इस आचरण को विभागीय निर्देशों की अवहेलना एवं पदीय दायित्वों के प्रतिकूल माना गया. इससे राजस्व से संबंधित लोकहित के कार्यों के संचालन में बाधा उत्पन्न होने पर संबंधित अंचलाधिकारियों द्वारा इनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी. उपरोक्त तथ्यों के आलोक में जिलाधिकारी ने बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 एवं बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के प्रावधानों के तहत राजस्व कर्मचारी विनय कुमार एवं मुकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान विनय कुमार का मुख्यालय भूमि सुधार उप समाहर्त्ता कार्यालय, दाउदनगर तथा मुकेश कुमार का मुख्यालय भूमि सुधार उप समाहर्त्ता कार्यालय, औरंगाबाद निर्धारित किया गया है. इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने वाले कर्मियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >