Aurangabad News: (सुजीत कुमार सिंह) बिहार सरकार द्वारा राज्य के 211 नव स्वीकृत डिग्री कॉलेजों में 1 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है. इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य सचिव बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं प्रमंडलीय आयुक्तों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड स्थित पीरवां उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा ओबरा प्रखंड स्थित करसावा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में डिग्री कॉलेज संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई. दोनों संस्थानों में आगामी शैक्षणिक सत्र के संचालन के लिए आवश्यक संसाधन एवं आधारभूत सुविधाएं समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
5 जून तक जरूरतों का आकलन, 8 जून से शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि 5 जून तक जिला प्रशासन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यकताओं का अंतिम आकलन कर ले. इसके बाद अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में क्रय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक भी सदस्य होंगे.
उन्होंने कहा कि 8 जून से पहले आवश्यक सामग्रियों की खरीद के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाए तथा 15 जून तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर 18 जून तक सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए.
मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष जोर
बैठक में कॉलेज परिसरों में बिजली, पेयजल, पर्याप्त कक्षाएं, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, कॉमन रूम, फर्नीचर, कार्यालय कक्ष तथा स्वच्छता व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए स्थानीय थाना से समन्वय स्थापित कर चौकीदार एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा गया.
स्थायी भवन निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि होगी चिन्हित
मुख्य सचिव ने डिग्री कॉलेजों के स्थायी भवन निर्माण के लिए जून माह के भीतर प्रत्येक कॉलेज हेतु न्यूनतम पांच एकड़ भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया. साथ ही 31 जुलाई 2026 तक संबंधित प्रस्ताव प्रमंडलीय आयुक्त के माध्यम से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को भेजने को कहा गया.
डीएम ने मिशन मोड में कार्य पूरा करने का दिया निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां मिशन मोड में पूरी की जाएं, ताकि 1 जुलाई से दोनों प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों में सफलतापूर्वक शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जा सके.
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह को भी भव्य रूप दिया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. इससे जिले में उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और स्थानीय छात्रों को अपने क्षेत्र में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का लाभ मिल सकेगा.
Also Read : गोपालगंज के नौ प्रखंडों में शुरू होगी डिग्री कॉलेजों की पढ़ाई
