Aurangabad News: (ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के दाउदनगर आम लोगों की समस्याओं और जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बिहार सरकार की पहल पर मंगलवार से दाउदनगर प्रखंड में सहयोग शिविरों का आयोजन शुरू होगा. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालय स्तर पर भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे. प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
चौरी और कनाप पंचायत में लगेंगे ग्रामीण सहयोग शिविर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र में चौरी पंचायत के मध्य विद्यालय चौरी तथा कनाप पंचायत के पंचायत सरकार भवन परिसर में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे. यहां विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जहां ग्रामीण अपनी समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर सकेंगे.
त्वरित निष्पादन योग्य मामलों का निपटारा शिविर स्थल पर ही किया जाएगा, जबकि अन्य आवेदनों का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा. बीडीओ मो. जफर इमाम ने दोनों शिविर स्थलों का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
नगर परिषद क्षेत्र में भी दो स्थानों पर लगेंगे शिविर
नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड संख्या 4 और 5 के लिए ठाकुर मध्य विद्यालय तथा वार्ड संख्या 6, 7 और 8 के लिए मदरसा इस्लामिया परिसर को शिविर स्थल बनाया गया है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी ने बताया कि शहरी क्षेत्र के शिविरों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
16 से 18 जून तक चलेगा प्रखंड सह जन कल्याण शिविर
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 16 जून से 18 जून तक प्रखंड सह जन कल्याण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा. तीन दिवसीय इस विशेष शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का निपटारा, नए पंजीकरण, ई-केवाईसी और पात्र लाभार्थियों को ऑन-द-स्पॉट लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.
कई महत्वपूर्ण योजनाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना तथा दिव्यांग कल्याण योजनाओं सहित अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.
प्रत्येक योजना के लिए रहेगा अलग काउंटर
प्रशासन की ओर से प्रत्येक योजना के लिए अलग काउंटर और नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. बीडीओ मो. जफर इमाम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
