Aurangabad News: वट सावित्री के दिन खोया शिवम 4 साल बाद उसी व्रत के दिन मां को मिला, ओबरा थाने में मिलन देख रो पड़े लोग

Aurangabad News: वट सावित्री के दिन खोया शिवम 4 साल बाद उसी व्रत के दिन मां को मिला, ओबरा थाने में मिलन देख रो पड़े लोग जानिए पूरी खबर नीचे.

Aurangabad News: (ब्रजेश द्विवेदी) कुदरत के खेल और पुलिस की अथक महत्ता का एक ऐसा सुखद नजारा गुरुवार को ओबरा थाना परिसर में देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. ठीक चार साल पहले, ‘वट सावित्री व्रत’ के ही दिन ओबरा के देवी मंदिर परिसर से अचानक गायब हुआ मासूम शिवम कुमार (पिता- अनूप पांडेय) गुरुवार को उसी व्रत के खास दिन अपनी मां की गोद में वापस लौट आया. 4 साल के लंबे और दर्दभरे इंतजार के बाद जब मां-बेटे का मिलन हुआ, तो थाना परिसर में मौजूद हर शख्स की सांसें थम गईं और आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े.

30 मई 2022 की वो काली रात: मंदिर परिसर से अचानक गायब हुआ था मासूम

इस भावुक कर देने वाली कहानी की शुरुआत 30 मई 2022 को हुई थी. मूल रूप से अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के केयाल निवासी अनूप पांडेय का परिवार उस समय ओबरा के इमामबाड़ा रोड में एक किराये के मकान में रहता था. वट सावित्री पूजा के दिन उनका पुत्र शिवम अचानक ओबरा देवी मंदिर परिसर से लापता हो गया. परिवार ने दिन-रात एक करके उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर ओबरा थाने में अपहरण की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई.

दिल्ली में रहकर भी नहीं छोड़ी उम्मीद, गया से हुई सुरक्षित बरामदगी

बेटे के गम में टूट चुका परिवार रोजी-रोटी और तलाश की उम्मीद लिए दिल्ली चला गया, लेकिन उन्होंने बेटे को खोजना बंद नहीं किया। इधर औरंगाबाद पुलिस और ओबरा थाने की टीम लगातार सुराग जुटाने में लगी रही. आखिरकार पुलिस की कड़ी मेहनत और गुप्त सूचना के आधार पर गया जिले के डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा मोहल्ले में एक गुप्त छापेमारी की गई। इस छापेमारी में पुलिस ने न सिर्फ शिवम को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि उसके साथ अगवा किए गए एक अन्य बच्चे ‘आद्विक’ को भी तस्करों के चंगुल से छुड़ा लिया.

थाना परिसर में रो पड़ी मां— “अब तो कहीं नहीं जाओगे ना बाबू…”

जैसे ही पुलिस ने दिल्ली में रह रहे माता-पिता को शिवम के सकुशल मिलने की सूचना दी, वे सब कुछ छोड़कर तुरंत ओबरा थाने पहुंचे। चार साल बाद जब शिवम ने अपनी मां को देखा, तो वह पल भर में उसे पहचान गया और दौड़कर मां के गले से लिपट गया। मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को सीने से लगा लिया और बार-बार चूमते हुए रोते-रोते पूछने लगी— “अब तो कहीं नहीं जाओगे ना बाबू…!” माता-पिता की आंखों से बहते खुशी के आंसू देख वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और आम लोगों का भी गला भर आया.

पुलिस की तत्परता को सलाम, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

चार साल के लंबे और कष्टदायी इंतजार के बाद शिवम का सुरक्षित मिलना न केवल इस परिवार के लिए एक नया जीवन मिलने जैसा है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए राहत और सुकून की खबर है. घटना के बाद शिवम की मां और परिजनों ने ओबरा पुलिस की कार्यशैली, तत्परता और संवेदनशीलता के प्रति हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत करती है कि “देर है, पर अंधेर नहीं.

Also Read: Aurangabad : सदर अस्पताल में आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी ओपीडी सेवा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले आठ वर्षों से मुख्यधारा की पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी मीडिया से की, जहां बिहार की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और जनप्रतिनिधियों के इंटरव्यू किए. वर्तमान मुख्यमंत्री के उपमुख्यमंत्री रहते हुए उनका इंटरव्यू करने के साथ-साथ उन्होंने कई मंत्रियों के इंटरव्यू और फील्ड रिपोर्टिंग भी की है.

ज्ञान की धरती नालंदा के रहने वाले विवेक रंजन पाण्डेय वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच और विभिन्न स्रोतों से जानकारी का सत्यापन करना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है. बिहार की राजनीति, शिक्षा और छात्र मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा प्रशासन, अपराध, रोजगार, मौसम और स्थानीय मुद्दों पर भी वह लगातार खबरें तैयार करते हैं.

विवेक रंजन पाण्डेय SEO फ्रेंडली डिजिटल खबरें लिखने में भी दक्ष हैं. वह डिजिटल प्लेटफॉर्म की जरूरतों के अनुसार खबरों को तैयार करते हैं और सटीक हेडलाइन, जरूरी कीवर्ड, तथ्यपरक जानकारी तथा पाठकों की रुचि का विशेष ध्यान रखते हैं.

उन्होंने आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BJMC) की डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >