Aurangabad News (ओम प्रकाश): बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 17 एवं 18 जून को दाउदनगर प्रखंड मुख्यालय में दो दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है.
विभिन्न योजनाओं के लिए लगाए जाएंगे अलग-अलग काउंटर
दाउदनगर के बीडीओ मो. जफर इमाम ने बताया कि शिविर में कुल 17 प्रमुख योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर और नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी. ग्रामीण विकास विभाग की ओर से विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जबकि आवेदकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क और प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल स्टॉल भी उपलब्ध रहेगा.
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम-किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, उद्यमी योजना और ग्राम परिवहन योजना समेत कुल 17 योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
ऑन-द-स्पॉट होंगे कई जरूरी कार्य
दो दिनों तक चलने वाले इस शिविर में लंबित मामलों का निपटारा, नए पंजीकरण, ई-केवाईसी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के लाभ का ऑन-द-स्पॉट वितरण किया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील
प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे शिविर में आते समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और संबंधित योजनाओं से जुड़े आवश्यक प्रमाण पत्र अपने साथ अवश्य लाएं, ताकि आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके.
जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे निरीक्षण
बीडीओ ने बताया कि शिविर का निरीक्षण जिला स्तर के वरीय अधिकारी करेंगे. साथ ही, प्रतिदिन शाम 7 बजे तक शिविर की ऑनलाइन प्रगति रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
