दाउदनगर.
दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय के व्यावसायिक एवं यातायात के दृष्टिकोण से सबसे महत्वपूर्ण इलाका भखरुआं मोड़ पर बुधवार की रात आम लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा. यह कोई एक दिन की समस्या नहीं है, बल्कि प्राय: प्रतिदिन की समस्या है. यह अलग बात है कि अभी होली की खरीदारी के लिए भी भीड़-भाड़ और चहल-पहल बढ़ी हुई है, लेकिन प्रतिदिन की यही समस्या है. दिन से लेकर रात तक जाम की स्थिति उत्पन्न होते रहती है. दिन के समय तो ट्रैफिक व्यवस्था के संचालन के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन शाम होते ही भखरुआं मोड़ पर जाम की समस्या से निबटने के लिए किसी प्रकार की कोई प्रशासनिक व्यवस्था नहीं दिखती. इसका नतीजा यह होता है कि आगे निकलने की होड़ में वाहन चालक जाम लगा देते हैं और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है. इसी तरह का नजारा बुधवार की रात भखरुआं मोड़ पर देखने को मिला. दोपहिया वाहन चालक से लेकर चार पहिया वाहन चालक तक जाम में फंसे रहे. भखरुआं बाजार रोड में दोपहिया, इ-रिक्शा व तीन पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी थी. औरंगाबाद रोड, पटना रोड और गया रोड में वाहनों की लंबी कतार लगी थी. यहां तक कि जाम में कुछ प्रशासनिक पदाधिकारी के वाहन भी फंसे थे. ट्रैफिक व्यवस्था संचालन के लिए किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं थी. भखरुआं मोड़ पर ही पुलिस का टीओपी भी खुला है, लेकिन कोई पुलिसकर्मी सड़क पर तैनात नहीं दिखा. जाम में फंसे लोगों ने बताया कि काफी समय तक उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा. जब पुलिसकर्मी पहुंचे, तो जाम हटा और तब लोगों ने राहत की सांस ली. लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की समस्या या रात की समस्या नहीं है, बल्कि दिन से लेकर रात तक जाम का नजारा देखने को मिलता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
