Aurangabad News: (विश्वनाथ पांडेय) औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पिरिट से लदी एक एक्सयूवी कार जब्त की है. पुलिस ने वाहन से करीब 600 लीटर स्पिरिट बरामद की है. हालांकि चालक एवं धंधेबाज पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए.
गुप्त सूचना पर चला जांच अभियान
थानाध्यक्ष इमरान अली के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस पदाधिकारी प्रशांत त्रिवेदी, चंदन कुमार एवं शमीम आलम शामिल थे. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन के माध्यम से अवैध रूप से स्पिरिट की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया गया.
पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर भागे तस्कर
वाहन जांच के दौरान पुलिस की नजर पड़ते ही चालक एवं तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक्सयूवी कार से 15 गैलन में रखी गई करीब 600 लीटर स्पिरिट बरामद की गई. बरामदगी के बाद वाहन को जब्त कर थाना लाया गया.
बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पुलिस के स्वलिखित आवेदन के आधार पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार प्राथमिकी दर्ज की गई है. बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
फरार धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस का कहना है कि फरार धंधेबाजों की पहचान कर ली जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अवैध शराब और स्पिरिट तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इस धंधे में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: काम कर लौट रहे दो लोगों की मौत, 9 घायल
