तेज आंधी-पानी से देव–औरंगाबाद मुख्य मार्ग बाधित, शहर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

Aurangabad News: भवानीपुर मोड़ के पास सड़क पर गिरा विशाल पेड़, बिजली आपूर्ति ठप, कई मोहल्लों और विद्यालय परिसर में भरा पानी

Aurangabad News: (रविकांत पाठक) शुक्रवार की सुबह आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. देव–औरंगाबाद मुख्य सड़क पर भवानीपुर मोड़ के आगे एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. पेड़ गिरने के दौरान बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई.

घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिनों से दोमुहान पुल पर आवागमन प्रभावित रहने के कारण भारी वाहनों का परिचालन इसी मार्ग से हो रहा है. ऐसे में पेड़ गिरने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई. सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया गया. हालांकि खबर लिखे जाने तक आवागमन पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था.

बारिश से शहर में जलजमाव

लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण सूर्य नगरी देव में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई. कई मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर पानी जमा हो जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय का पूरा परिसर पानी से लबालब भर गया, जिससे विद्यालय परिसर तालाब जैसा नजर आने लगा. शहर के विभिन्न इलाकों में नालों की समुचित निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया.

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान शहर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. नागरिकों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि लोगों को बारिश के मौसम में राहत मिल सके.

Also Read: दाउदनगर की आजीविका दीदियों का नगर पर्षद के खिलाफ मोर्चा; मानदेय नहीं, काम बंद, अब आंदोलन की राह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >