तेज हवा और बादलों की गरज के साथ औरंगाबाद में मूसलाधार बारिश

Aurangabad News : किसानों को नर्सरी में बिचड़ा गिराने में होगी सहूलियत, उमस भरी गर्मी से मिली राहत

Aurangabad News: (विश्वनाथ पांडेय)औरंगाबाद में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. सुबह सूर्योदय के बाद तेज हवा और बादलों की गरज के साथ मूसलाधार बारिश हुई. बारिश के दौरान तेज हवा के झोंकों से कई पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन में भी परेशानी हुई.

कई जगहों पर बिजली के तार और पोल प्रभावित होने की सूचना है. इसके कारण पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई. तेज बारिश और बिजली गुल होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया. स्थिति ऐसी हो गई कि दिन में भी कुछ दूर तक दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

किसानों के लिए राहत भरी बारिश

हालांकि किसानों के लिए यह बारिश कई मायनों में लाभकारी मानी जा रही है. रोहिणी नक्षत्र में होने वाली बारिश को कृषि के लिए शुभ और उपयोगी माना जाता है. किसानों का कहना है कि इस बारिश के बाद धान की नर्सरी में बिचड़ा गिराने की तैयारी शुरू हो जाएगी. खेतों में पर्याप्त नमी आने से खेती कार्य में तेजी आएगी.

खेतों में बढ़ेगी घास, पशुपालकों की चिंता बढ़ी

बारिश के कारण खेतों में लावारिस घास भी तेजी से उगने लगेगी, जिससे किसानों की अतिरिक्त मेहनत बढ़ सकती है. वहीं इस बारिश से सबसे अधिक चिंता पशुपालकों को सताने लगी है. जिन किसानों और पशुपालकों की पुआल की कुट्टी अब तक नहीं कट पाई है, उन्हें नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है. पुआल भीगने से पशुओं के चारे की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.

प्री-मानसून गतिविधियों का असर

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का परिणाम है. आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है.

उन्होंने कहा कि प्री-मानसून की बारिश से वातावरण के तापमान में कमी आई है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के साथ-साथ जीव-जंतुओं को भी राहत मिली है.

Also Read: दाउदनगर की आजीविका दीदियों का नगर पर्षद के खिलाफ मोर्चा; मानदेय नहीं, काम बंद, अब आंदोलन की राह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >