औरंगाबाद ग्रामीण. शहर के वार्ड नंबर सात करमा रोड के गली नंबर चार स्थित संस्कार कॉलोनी में चोरों ने एक ही रात में दो सगे भाइयों के घरों को खंगाल दिया. लाखों रुपये नकद व कई लाख रुपये के जेवरात उड़ा लिये. घटना के बाद इलाके में दहशत है और पीड़ित परिवार सदमे में है. पुलिस की रात्रि गश्ती पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे है. दरअसल चोरी की यह घटना शंकर दयाल सिंह नामक व्यक्ति के घर में हुई है. जानकारी मिली कि उनका पैतृक गांव फेसर थाना क्षेत्र के देवरिया कला गांव में है. उनके चचेरे भाई की शादी थी, जिसके कारण पूरा परिवार गांव गया था. नौ फरवरी की रात सभी बारात से पैतृक गांव लौटे थे. इधर, उसी रात चोरों ने उनके औरंगाबाद स्थित मकान को निशाना बना लिया. सोमवार की देर रात घर में किसी की मौजूदगी नहीं होने का फायदा उठाते हुए चोर पहले उनके छोटे भाई के मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे. चोरों ने छोटे भाई के घर में जमकर तलाशी ली और सामान इधर-उधर बिखेर दिया. जब वहां कुछ खास हाथ नहीं लगा तो वे बगल में स्थित शंकर दयाल सिंह के घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गये. एक कमरे में कुछ नहीं मिलने पर दूसरे कमरे में रखे दीवान पलंग और बक्से को तोड़ दिया. बक्से में रखे लगभग एक लाख 30 हजार रुपये नकद तथा भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिये. आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी उन्हें दी.
पीड़ित की पत्नी व उनकी दो बहनों के गहने थे घर में
पीड़ित शंकरदयाल सिंह की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि उनके अपने गहनों के अलावा उनकी दो बहनों के भी जेवर उनके घर में सुरक्षित रखे गये थे. एक बहन बंटी सिंह पंजाब के जालंधर के मानसा में रहती हैं, जबकि दूसरी बहन सीमा बारुण प्रखंड के गोपी बिगहा गांव की निवासी हैं. दोनों के घर पूरी तरह सुरक्षित नहीं होने के कारण गहने पिंकी देवी के पास रखे गये थे. चोरों ने इसी भरोसे को तोड़ते हुए सब कुछ समेट लिया. मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने फोन कर जानकारी दी कि घर का दरवाजा टूटा है और बाहर जेवरात के बैग बिखरे पड़े हैं. सूचना मिलते ही परिवार गांव से लौटा. घर पहुंचते ही दरवाजा टूटा मिला और अंदर का नजारा देखकर परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े. कमरों में सामान अस्त-व्यस्त था, ताले तोड़कर फेंके गये थे और बक्से खाली पड़े थे. कुछ आभूषण जमीन पर गिरे मिले, लेकिन अधिकांश कीमती सामान गायब थे. इधर, पीड़ित द्वारा नगर थाने में दिये गये आवेदन के अनुसार 14 सोने की अंगूठियां, दो कंगन, दो गले की चेन, छह लॉकेट, एक हार, पांच जोड़ी कान के टॉप, तीन टीका, तीन नथिया, दो जोड़ी झुमका, तीन जोड़ी कुंडल-बाली, चार नथुनी, आठ जोड़ी चांदी की पायल, 18 चांदी के सिक्के, 23 बिछिया सहित एक लाख 30 हजार रुपये नकद चोरी की बात कही है. कुल मिलाकर लाखों की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया.
