दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर नगर परिषद क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ आम लोगों की नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. इसके तहत शहर के विभिन्न प्रमुख और व्यस्त स्थलों पर 120 कंक्रीट से निर्मित बेंच लगाने की योजना बनाई गई है.
यदि नगर परिषद की आगामी बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो बाजार आने वाले आम लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को बैठने के लिए एक बेहतर और आरामदायक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
चार जुलाई को प्रस्ताव पर लगेगी अंतिम मुहर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 27 जून को आयोजित नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में इस जनकल्याणकारी योजना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है. अब आगामी चार जुलाई को होने वाली नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक में इस योजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. बोर्ड की अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद धरातल पर काम शुरू होगा और शहर के सात प्रमुख चयनित स्थानों पर कुल 120 कंक्रीट बेंच स्थापित कर दिए जाएंगे.
Also Read : औरंगाबाद : हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के 4 लोग झुलसे; 2 की हालत गंभीर
शहर के इन सात प्रमुख स्थानों पर कंक्रीट बेंच लगाने का है प्रस्ताव
नगर परिषद की इस योजना के तहत शहर के अत्यधिक भीड़भाड़ और व्यस्त रहने वाले सात प्रमुख स्थलों को चिह्नित किया गया है, जहां बेंच लगाए जाने का प्रस्ताव है:
- शहीद प्रमोद सिंह चौक: 10 बेंच
- मुहर्रम चौक पिराहीबाग (वार्ड संख्या-14): 10 बेंच
- कदम तल बारुण रोड एवं इमामबाड़ा जाने वाला मार्ग: 10 बेंच
- काली मंदिर पार्क परिसर एवं उसके आसपास का क्षेत्र: 30 बेंच
- लखन मोड़ से सिटी जांच घर, आईवी मार्ग होते हुए मौलाबाग तथा सूर्य मंदिर परिसर तक: 50 बेंच
- चर्च के समीप और थाना मंदिर स्थल के पास: 10 बेंच
राहगीरों, महिलाओं और बुजुर्गों को मिलेगी धूप व थकान से राहत
नगर परिषद की इस सराहनीय पहल का मुख्य उद्देश्य केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाना ही नहीं है, बल्कि स्थानीय नागरिकों को आरामदायक सार्वजनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराना है. इन सभी चिह्नित स्थानों पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है. बाजार आने वाले ग्रामीण, बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज से आने वाले नागरिकों को अक्सर बाजार में काम के दौरान कुछ देर बैठने के लिए कोई उपयुक्त जगह नहीं मिल पाती है.
बैठने की उत्तम व्यवस्था
विशेषकर गर्मी के दिनों में अक्सर देखा जाता है कि राहगीर चिलचिलाती धूप और थकान से बचने के लिए पेड़ों की छांव में खड़े होकर आराम करने को विवश होते हैं. ऐसे में इन व्यस्त मार्गों और धार्मिक परिसरों में कंक्रीट बेंच लग जाने से लोगों को बैठने की उत्तम व्यवस्था मिलेगी.
बोर्ड बैठक पर टिकी निगाहें
नगर परिषद की यह योजना दाउदनगर को अधिक व्यवस्थित, सुंदर और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. अब शहरवासियों की निगाहें चार जुलाई को होने वाली बोर्ड बैठक पर टिकी हैं, जहां इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
Also Read : औरंगाबाद की बेटी निधि पांडेय ने पहले ही प्रयास में पास की 70वीं BPSC, बनीं RDO, गांव में हुआ भव्य स्वागत
