Aurangabad News:(ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में किसान की हत्या के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। मंगलवार की देर शाम भुंईया बिगहा के समीप बाइक सवार अपराधियों ने केसराड़ी निवासी 50 वर्षीय किसान कुंदन यादव को गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें दाउदनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
हत्या के बाद इलाके में तनाव
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से किसान को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
शव रखकर एनएच-139 पर किया प्रदर्शन
कुंदन यादव की मौत से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने देर रात दाउदनगर के तिवारी मुहल्ला के समीप एनएच-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाए। लोगों ने औरंगाबाद एसपी को मौके पर बुलाने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग भी उठाई.
घंटों बाधित रहा यातायात
सड़क जाम के कारण एनएच-139 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रात में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई छोटे वाहन वैकल्पिक रास्तों से गुजरते नजर आए.
पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई.
दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी भी कर रही है.
