Aurangabad News : मदनपुर प्रखंड के प्राणपुर गांव के समीप मदार नदी पर बने डैम में पानी आने के साथ ही बच्चों और युवाओं की भीड़ बढ़ गई है. सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग यहां स्नान करने पहुंच रहे हैं. वहीं, डैम के ऊपरी हिस्से से पानी में छलांग लगाने और स्टंट करने की तस्वीरें चिंता बढ़ा रही हैं. जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
डैम में सुबह से शाम तक जुट रही भीड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिदिन करीब चार से पांच दर्जन बच्चे और युवा डैम में स्नान करने पहुंच रहे हैं. इनमें छोटे बच्चों की संख्या भी काफी है. कई बच्चे समूह बनाकर डैम के ऊपरी हिस्से पर पहुंचते हैं और वहां से नीचे जमा पानी में छलांग लगाते हैं. कुछ बच्चे एक-दूसरे को देखकर जोखिम भरे स्टंट भी करते हैं. मौके पर सुरक्षा या निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से खतरा और बढ़ गया है.
ऊंचाई से छलांग लगाने में बड़ा खतरा
डैम के ऊपर से पानी देखने पर उसकी वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. पानी के अंदर पत्थर, गड्ढे या अन्य बाधाएं हो सकती हैं. ऐसे में ऊंचाई से छलांग लगाने पर गंभीर चोट लगने का खतरा बना रहता है. अचानक पैर फिसलने या पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में डूबने की आशंका भी रहती है.
पहले भी हुए हादसे, फिर भी नहीं थम रही मस्ती
ग्रामीणों ने बताया कि मदार नदी डैम में स्नान के दौरान पहले भी हादसे हो चुके हैं. इसके बावजूद पानी आने के साथ यहां बच्चों और युवाओं की भीड़ बढ़ जाती है. अभिभावकों की निगरानी नहीं होने से छोटे बच्चे भी डैम के खतरनाक हिस्सों तक पहुंच रहे हैं. ग्रामीणों ने ऐसी लापरवाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम के ऊपरी हिस्से और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है. बोर्ड पर 'खतरा है, पानी में न उतरें' जैसे संदेश लिखे जाने की जरूरत बतायी गयी है. इसके साथ ही सुबह से शाम तक निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गयी है, ताकि बच्चों को ऊंचाई से पानी में छलांग लगाने से रोका जा सके.
हादसे से पहले सुरक्षा व्यवस्था की अपील
ग्रामीणों का कहना है कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि प्रशासन पहले ही एहतियाती कदम उठाये. समय रहते सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी सुनिश्चित होने से बच्चों की जान को जोखिम में डालने वाली हरकतों पर रोक लगायी जा सकती है.
प्रभात खबर की अपील: जान जोखिम में डालकर न करें मस्ती
डैम या नदी के गहरे पानी में नहाने और ऊंचाई से छलांग लगाने से बचें. अभिभावक अपने बच्चों को ऐसे खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकें. पानी की गहराई का सही अनुमान नहीं होने, अंदर पत्थर या गड्ढे होने और अचानक बहाव बढ़ने से गंभीर हादसा हो सकता है.
