Intermediate Examination 2026 : औरंगाबाद जिले के इंटरस्तरीय संस्थानों में पढ़ने वाले 60 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं 18 सितंबर से परीक्षा देंगे. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में 11वीं कक्षा की त्रैमासिक और 12वीं कक्षा की अर्द्धवार्षिक परीक्षा जिले के 259 संस्थानों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से तैयारी पूरी की जा रही है.
बिहार बोर्ड के स्तर से सभी संबंधित संस्थानों को प्रश्न पत्र और उत्तर-पुस्तिका उपलब्ध करायी जा रही है. सितंबर में होने वाली इस परीक्षा में चार प्रोजेक्ट हाईस्कूल, 88 राजकीयकृत प्लस टू स्कूल, 142 अपग्रेड हाईस्कूल और 20 वित्त रहित इंटर कॉलेज शामिल हैं.
18 से 23 सितंबर तक होगी परीक्षा
11वीं की त्रैमासिक और 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा के लिए बिहार बोर्ड ने अलग शेड्यूल जारी किया है. छुट्टी के दिनों को छोड़कर 23 सितंबर तक इंटर साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और वोकेशनल कोर्स की परीक्षा दो पालियों में होगी.
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षा का संचालन संबंधित संस्थान के प्रधान के जिम्मे रहेगा, जिन्हें केंद्राधीक्षक बनाया गया है.
परीक्षा में मोबाइल और चिट-पुर्जा पर रोक
बिहार बोर्ड ने परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से कराने का निर्देश दिया है. परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन या चिट-पुर्जा लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.
बोर्ड ने परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने स्तर का मूल्यांकन करने का अवसर दिया है. सभी इंटरस्तरीय संस्थानों में नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य किया गया है.
50 फीसदी ऑब्जेक्टिव और 50 फीसदी सब्जेक्टिव प्रश्न
परीक्षा में प्रश्न पत्र के कुल पूर्णांक का 50 प्रतिशत ऑब्जेक्टिव और 50 प्रतिशत सब्जेक्टिव प्रश्न होंगे. ऑब्जेक्टिव प्रश्नों में चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें सही विकल्प का चयन कर ओएमआर शीट पर बने गोले को भरना होगा.
वहीं सब्जेक्टिव प्रश्नों के उत्तर आंसर शीट पर लिखित रूप में देने होंगे. परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में साइंस के फिजिक्स, कॉमर्स के इंटरप्रेन्योरशिप और आर्ट्स के फिलॉसफी विषय की परीक्षा होगी.
PM Awas Yojana: ओबरा में बारिश ने छीना गरीबों का आशियाना, कई मिट्टी के घर गिरे,अब PM आवास योजना का इंतजार
दूसरी पाली में साइंस के केमिस्ट्री, कॉमर्स के अकाउंटेंसी और आर्ट्स के पॉलिटिकल साइंस विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
सील पैकेट खोलने की भी तय प्रक्रिया
बिहार बोर्ड की ओर से उपलब्ध कराये गये प्रश्न पत्र सील पैकेट में होंगे. प्रश्न पत्र का सील पैकेट खोलने से पहले वीक्षक और दो परीक्षार्थियों को संयुक्त रूप से पैकेट के कवर पर हस्ताक्षर करना होगा. इसके बाद ही परीक्षार्थियों के बीच प्रश्न पत्र वितरित किया जाएगा.
परीक्षा का परिणाम बोर्ड को भेजना होगा
परीक्षा समाप्त होने के बाद निर्धारित तिथि के अंदर परिणाम की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी बिहार बोर्ड को उपलब्ध करानी होगी. परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संबंधित संस्थान के प्रधान केंद्राधीक्षक को दी गयी है.
डीपीओ माध्यमिक शिक्षा औरंगाबाद संतोष कुमार ने बताया कि इंटरस्तरीय संस्थानों में नामांकित सभी छात्र-छात्राओं का परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुबह 9:30 बजे से शाम 5:15 बजे तक कोचिंग संस्थान के संचालक बच्चों को परीक्षा से वंचित करने का प्रयास नहीं करेंगे. ऐसा करना कानूनन अपराध है और मामला सामने आने पर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
