औरंगाबाद : ओवरब्रिज के पास सड़क पर बसों का अवैध पड़ाव, जाम और हादसे का बढ़ा खतरा, परिवहन विभाग के आदेश बेअसर

औरंगाबाद में ओवरब्रिज के पास लिंक सड़क पर यात्री बसों का अवैध पड़ाव यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रहा है. परिवहन विभाग के निर्देशों का पालन न होने से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है.

औरंगाबाद शहर के ओवरब्रिज के समीप गयाजी और डेहरी जाने वाली लिंक सड़क पर परिवहन विभाग के आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है. सड़क किनारे यात्री बसों का अवैध पड़ाव लगाकर सवारियों का इंतजार किया जा रहा है. इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है.

परिवहन विभाग के निर्देशों का नहीं हो रहा पालन

कुछ दिन पहले परिवहन विभाग ने बस मालिकों और संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया था कि किसी भी परिस्थिति में सड़क पर बसों का ठहराव नहीं किया जाएगा. इसके बावजूद बस चालक और संचालक सड़क पर ही बसें खड़ी कर यात्रियों को बैठाने और भरने में लगे रहते हैं. इससे अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है.

स्कूली छात्रों और राहगीरों को हो रही परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर सड़क पर बसों की कतार लगी रहती है. इसका सबसे अधिक असर स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, कार्यालय कर्मियों और आम राहगीरों पर पड़ रहा है. कई बार बसों के अचानक रुकने से दुर्घटना जैसी स्थिति भी बन जाती है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग

शहरवासियों का आरोप है कि नियम बनाने वाला परिवहन विभाग ही उनके पालन को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है. विभाग की ओर से न तो नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है और न ही नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है. लोगों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि सड़क पर लगने वाले अवैध बस पड़ाव को तत्काल हटाया जाए और बसों का परिचालन केवल निर्धारित बस स्टैंड से ही सुनिश्चित कराया जाए, ताकि शहर में जाम और हादसों की आशंका कम हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >