वेतन कटौती और शोषण से नाराज डायल 102 एंबुलेंस के कर्मी, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद में संचालित डायल 102 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने वेतन कटौती, साप्ताहिक छुट्टी नहीं मिलने और पीएफ -ईएसआई राशि जमा करने में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा है.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले में संचालित डायल 102 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने वेतन कटौती, साप्ताहिक छुट्टी नहीं मिलने और पीएफ-ईएसआई राशि जमा करने में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बुधवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन बिहार राज्य चिकित्सा कर्मचारी संघ (इंटक) की 102 एंबुलेंस कर्मचारी शाखा की ओर से दिया गया.

कर्मचारियों ने बताया कि जिले में डायल 102 एंबुलेंस सेवा का संचालन जैन पल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पीपी मोड में किया जा रहा है. संस्था के अधीन लगभग 100 चालक और 100 ईएमटी कार्यरत हैं. कर्मियों का आरोप है कि पिछले चार महीनों से वेतन भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है. छह मई को वेतन भुगतान किया गया था, लेकिन उसमें भी कई कर्मचारियों के वेतन से अनियमित रूप से कटौती कर दी गई थी. इससे कर्मियों में भारी नाराजगी है.

लगातार ड्यूटी कर रहे कर्मचारी

डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कर्मचारियों से हर दिन 24 घंटे तक सेवा ली जाती है, लेकिन उन्हें किसी प्रकार का साप्ताहिक छुट्टी नहीं दिया जाता. लगातार ड्यूटी के कारण कर्मियों पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ता जा रहा है. इसके बावजूद ज्यादा समय तक काम कराने पर ओवरटाइम भुगतान भी नहीं किया जा रहा है. कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पीएफ और ईएसआई की राशि नियमित रूप से जमा नहीं की जा रही है. इससे भविष्य की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चिंता बनी हुई है. कई बार संस्था के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया.

साप्ताहिक छुट्टी समेत अन्य मांगे

कर्मियों ने डीएम से मांग की है कि काटी गई वेतन राशि वापस दिलाई जाए, लंबित भुगतान जल्द कराया जाए और हर रविवार को साप्ताहिक छुट्टी सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे. ज्ञापन की प्रतिलिपि सिविल सर्जन और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को भी भेजी गई है.

Also Read: बांस के सहारे फंदे से लटका मिला भट्ठा मजदूर का शव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >