Aurangabad News : जिला मुख्यालय स्थित अनुग्रह मध्य विद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को तिरंगा मार्च निकाला गया. विद्यालय अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद अशोक कुमार सिंह के आमंत्रण पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, नगर परिषद के उपाध्यक्ष एहसान अहमद, जदयू नेता प्रभात रंजन, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मरगूब आलम एवं सोनू कुमार ने तिरंगा मार्च को रवाना किया.
ओल्ड जीटी रोड पर निकला तिरंगा मार्च
प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर विद्यालय में नौ अगस्त से हर घर तिरंगा अभियान उत्साहपूर्वक चलाया जा रहा है. अभियान के तहत बुधवार को विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा मार्च निकाला. अतिथियों ने भी बच्चों के साथ ओल्ड जीटी रोड पर मार्च में हिस्सा लिया.
Also Read : नोखा में 500 से अधिक बाइक के साथ निकली तिरंगा रैली, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर
देशभक्ति के गीतों से गूंजा माहौल
तिरंगा मार्च के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. 'दिल दिया है, जान भी देंगे' की धुन पर तिरंगा लहराते बच्चों ने देशभक्ति का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया. पूरे मार्च के दौरान राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति का माहौल बना रहा.
नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम विकसित करने का संदेश
विद्यालय अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद अशोक कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना विकसित करने में सहायक है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और देश के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है.
अतिथियों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने तिरंगा मार्च के आयोजन और बच्चों की सहभागिता की सराहना की. उन्होंने कहा कि विद्यालय की ओर से अभियान को लेकर किया जा रहा प्रयास सराहनीय है. कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने तिरंगा मार्च में शामिल सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया.
Also Read : जोगिया हत्याकांड की जांच के लिए पहुंची CID टीम, घटनास्थल और पीड़ित परिवार से ली जानकारी
