औरंगाबाद: अंबा में एनएच-139 की जर्जर नाली के पुनर्निर्माण की तैयारी, रविवार से शुरू होगी सफाई

औरंगाबाद जिले में NH-139 पर वर्षों से बदहाल नाली और जलजमाव की समस्या का समाधान अब जल्द होगा। प्रशासनिक पहल के बाद रविवार से नाली की सफाई शुरू हो रही है और स्थायी समाधान के लिए नई नाली निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के किनारे वर्षों से बदहाल पड़ी नाली और जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक पहल शुरू हो गई है. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह की पहल और डीएम अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर एनएच (NH) के कार्यपालक अभियंता ने शनिवार को अंबा पहुंचकर नाली का स्थल निरीक्षण किया. भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद और डीएम से मिलकर इस विकट समस्या से अवगत कराया था.

जेसीबी से मिट्टी हटवाकर किया गया निरीक्षण

स्थानीय प्रतिनिधिमंडल की शिकायत के बाद एनएच के कार्यपालक अभियंता दोपहर में अंबा पहुंचे और पेट्रोल पंप के समीप जेसीबी से मिट्टी हटवाकर नाली की वास्तविक स्थिति देखी. जांच के दौरान नाली पूरी तरह कचरे और गाद से भरी पाई गई. इसके बाद उन्होंने सतबहिनी मंदिर से मध्य विद्यालय चिल्हकी और अंबा बाजार से हरदाता गांव तक सड़क किनारे की टूटी नाली का मुआयना किया, जहाँ कई जगह नाली सड़क से दो-तीन फीट नीचे दबी मिली.

रविवार से सफाई शुरू, नई नाली का भेजा जाएगा प्रस्ताव

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि स्थानीय लोगों को तत्काल राहत देने के लिए औरंगाबाद रोड से अंबा चौक तक नाली की सफाई का काम रविवार से शुरू करा दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अंबा की जर्जर नाली की स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में नई नाली निर्माण का एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा जाएगा, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके.

जलजमाव से दुर्घटनाओं और बीमारियों की बढ़ी आशंका

एनएच-139 के किनारे ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त होने से सड़कों पर स्थायी रूप से गंदा पानी जमा रहता है, जिससे दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. अत्यधिक बारिश होने पर नाली का गंदा पानी दुकानों और घरों में घुस जाता है. दो दिन पूर्व ही इसी जलजमाव के कारण अंबा निवासी शंकर शर्मा दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

अधूरी सफाई को लेकर ग्रामीणों में दिखा आक्रोश

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या पिछले दो वर्षों से बनी हुई है. इससे पूर्व भी दो-तीन बार नाली की सफाई कराई गई थी, लेकिन हर बार महज 200 से 300 मीटर तक सफाई कर काम बंद कर दिया जाता था. पूरी नाली की सफाई न होने के कारण स्थिति दोबारा वैसी ही हो जाती थी.

स्थायी समाधान की आस में ग्रामीण

इस बार ग्रामीणों ने पूरे ड्रेनेज सिस्टम की मुकम्मल सफाई और नई नाली के निर्माण की पुरजोर मांग की है. एनएच के अधिकारियों द्वारा किए गए इस ताजा निरीक्षण और आश्वासन के बाद अब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें जलजमाव की इस गंभीर समस्या से स्थायी निजात मिल सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ambuj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >