अंबा बाजार की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को लोगों ने अंबा चौक पर सांकेतिक रूप से सड़क जाम कर विरोध जताया. आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाजार की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की. इस दौरान भ्रष्टाचार नहीं चलेगा, लीपापोती नहीं चलेगी, धूल उड़ाना बंद करो और हमारी मांगें पूरी करो जैसे नारे लगाए गए. आंदोलन का नेतृत्व बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने किया.
सड़क, नाली और धूल की समस्या
प्रवीण कुमार ने कहा कि अंबा बाजार में लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे आम लोगों, दुकानदारों और स्थानीय व्यवसायियों को परेशानी हो रही है. सड़क निर्माण और अन्य कार्यों के कारण उड़ रही धूल से लोग परेशान हैं,लेकिन नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है. मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मंजीत यादव ने अंबा-नवीनगर रोड की जर्जर स्थिति और नाली की समस्या का मुद्दा उठाया. वहीं एनएच-139 के किनारे बने नाले की सफाई नहीं होने से जलनिकासी की परेशानी की बात कही.
मालवाहक वाहनों के प्रवेश समेत कई मांगें
आंदोलनकारियों ने अंबा-नवीनगर रोड पर स्थानीय व्यवसायियों के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक हटाने की मांग की. साथ ही सड़क और नाली के निर्माण, एनएच-139 के नाले की सफाई एवं नव निर्माण और नियमित पानी के छिड़काव की मांग की गयी.
मंजीत यादव ने कहा कि अगर जल्द समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा. सांकेतिक जाम के दौरान अजित पांडेय, कंचन गुप्ता, गुड्डू पासवान, रंजीत गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, नंदू कुमार, छोटू, राम बाबू गुप्ता, संजय गुप्त और बब्लू गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे.