औरंगाबाद से धीरज झा की रिपोर्ट Aurangabad News : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की औरंगाबाद इकाई ने शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. रमेश चौक से शुरू हुई यात्रा शहीद शिवशंकर प्रसाद गुप्ता चौक तक पहुंची, जहां शहीदों के सम्मान में कैंडल जलाकर उन्हें याद किया गया.
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
नगर सह मंत्री अतुल कुमार के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में सैकड़ों छात्र-युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया. यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भारतीय सेना जिंदाबाद जैसे नारों से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया.
शहीदों के बलिदान को किया नमन
नगर कार्यकारिणी सदस्य रुद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और त्याग को नमन करने का दिन है. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का अदम्य पराक्रम और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणास्रोत है तथा देश सदैव अपने वीर सपूतों का ऋणी रहेगा.
बड़ी संख्या में छात्र-युवा हुए शामिल
तिरंगा यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अभय कुमार, प्रभात कुमार, रंजन सिंह, निशांत तिवारी, विकास कुमार, रोहित सिंह, हिमांशु शेखर, साहिल सिंह, पीयूष चौहान, शुभम सिंह, लकी सिंह, सत्यम कुमार सिंह, रौनक राज, शुभम यादव, अंकित यादव, पुष्पराज सिंह, मयंक सिंह, मृणाल सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने भाग लेकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए.
