दाउदनगर में अभियान बसेरा-2 के तहत 12 भूमिहीन परिवारों को मिला बंदोबस्ती प्रमाण पत्र

अभियान बसेरा-2 के तहत औरंगाबाद में 12 भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार मिला है. यह पहल जरूरतमंदों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवास भूमि उपलब्ध कराने पर केंद्रित है.

Aurangabad News: राज्य सरकार के विशेष अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन एवं गरीब परिवारों को भूमि का अधिकार दिलाने की दिशा में प्रखंड कार्यालय सभागार में समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के 12 लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र (भूमि परचा) प्रदान किया गया.

एसडीओ बोले, हर जरूरतमंद को मिलेगी आवासीय भूमि

अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन ने लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकें. उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से पात्र भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार सुनिश्चित किया जा रहा है.

अधिकारियों ने दिलाया योजनाओं का लाभ मिलने का भरोसा

इस अवसर पर अंचल अधिकारी सतीश कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. जफर इमाम तथा प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष दीपक पटेल ने भी लाभुकों को भूमि का परचा प्रदान किया. अधिकारियों ने कहा कि भूमि का स्वामित्व मिलने से गरीब परिवारों को स्थायी आवास बनाने में सुविधा होगी और वे सरकार की विभिन्न आवासीय योजनाओं का लाभ भी आसानी से उठा सकेंगे.

तीन पंचायतों के 12 लाभुकों को मिला बंदोबस्ती प्रमाण पत्र

जिन लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण पत्र दिया गया, उनमें कनाप निवासी मीना देवी, शकुंतला देवी, राधिका देवी, देवलाल दास, अनीता देवी और रिंकू देवी शामिल हैं. वहीं गोरडीहां पंचायत के बाबू अमौना निवासी अखिलेश पासवान, गुड्डू पासवान और चितरंजन पासवान को भी भूमि परचा प्रदान किया गया. इसके अलावा तरारी निवासी कौशल्या देवी, कुंती देवी एवं फुलवा देवी को भी बंदोबस्ती प्रमाण पत्र देकर भूमि का अधिकार सुनिश्चित किया गया.

लाभुकों ने जताया आभार, अब आसान होगा आशियाना बनाना

बंदोबस्ती प्रमाण पत्र मिलने पर लाभुकों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि अब अपना घर बनाने का सपना साकार होने की उम्मीद जगी है और सरकारी आवास योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी.

अभियान के तहत आगे भी पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ

अधिकारियों ने कहा कि अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों की पहचान कर उन्हें आगे भी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार आवासीय भूमि के अधिकार से वंचित न रहे और सभी को सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक आधार उपलब्ध कराया जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >