औरंगाबाद (नगर) : जिले के थानों में कार्यरत थानाध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर एक दर्जन थानाध्यक्षों को दूसरे जिले में स्थानांतरित कर दिया गया है.
दूसरे जिले में थानाध्यक्षों के स्थानांतरित हो जाने के बाद थानाध्यक्ष अपना प्रभार कनीय पदाधिकारी को देकर स्थानांतरित जिले में योगदान देने के लिए चले गये. इसके कारण थानाध्यक्ष का पद प्रभार में पिछले कई दिनों से चल रहा है. बावजूद पुलिस अधीक्षक द्वारा अभी तक किसी को थानाध्यक्ष नहीं बनाया गया है. इससे कांडों के निष्पादन में गतिरोध कायम हो गया है. बताते चलें कि कुटुंबा, माली, रिसियप, अंबा, सिमरा, मुफस्सिल, फेसर, नगर, जम्होर व दाउदनगर थाने में थानाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थानाध्यक्षों को दूसरे जिले में स्थानांतरित किया गया है.
इसके अलावा नरारी कला, टंडवा, देव के थानाध्यक्षों को दूसरे थाने में स्थानांतरित किया गया है, जिसके कारण ये सभी थाने प्रभार में चल रहे हैं. प्रभारी थानाध्यक्षों का कहना है कि एक तो पहले से ही थाने में पदाधिकारियों का पद कम है और दूसरे में थानाध्यक्ष के नहीं रहने के कारण क ाम करने में काफी परेशानी हो रही है.
इधर, एसपी का कहना है कि जैसे ही दूसरे जिले से पुलिस पदाधिकारी आयेंगे. वैसे ही थानाध्यक्ष के पद पर उनकी तैनाती कर दी जायेगी. बताते चलें कि एसपी ने एक दर्जन से अधिक थानाध्यक्ष समेत दो दर्जन दारोगा को वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर अरवल, गया व नवादा जिले में स्थानांतरित एक सप्ताह पूर्व किया है. लेकिन दूसरे जिले के यहां के स्थानांतरित अधिकारी बहुत कम पहुंचे हैं.
